उर्वरकों की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए धमतरी में नियंत्रण कक्ष सक्रिय, 24 घंटे मिलेगी सहायता
धमतरी जिला प्रशासन ने किसानों को उर्वरकों की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने और कालाबाजारी, जमाखोरी तथा अन्य अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए नियंत्रण कक्ष को सक्रिय कर दिया है। शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं तथा 24 घंटे निगरानी व्यवस्था संचालित की जा रही है।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l धमतरी जिले में किसानों को उर्वरकों की पर्याप्त और समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी तथा वितरण संबंधी अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रूप से संचालित किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसानों के हितों की रक्षा करना और उन्हें निर्धारित मूल्य पर आवश्यक उर्वरक उपलब्ध कराना है।