उमंग पाण्डेय को मिली कबीरधाम भाजयुमो जिला अध्यक्ष की कमान, कार्यकर्ताओं में उत्साह
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश नेतृत्व ने उमंग पाण्डेय को कबीरधाम (कवर्धा) जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। संगठन में लंबे समय से सक्रिय उमंग पाण्डेय की नियुक्ति से जिले के कार्यकर्ताओं और युवाओं में उत्साह का माहौल है।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया द्वारा भाजयुमो के जिला अध्यक्षों की घोषणा की गई। इसी क्रम में कबीरधाम (कवर्धा) जिले की कमान युवा नेता उमंग पाण्डेय को सौंपी गई है।
उमंग पाण्डेय पूर्व में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़कर छात्र राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। वे दो पंचवर्षीय कार्यकाल तक पार्षद रहे हैं तथा नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष एवं सभापति जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। इसके साथ ही वे प्रदेश एवं जिला स्तर पर भाजयुमो प्रभारी के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
जिला संगठन द्वारा शुक्रवार सुबह नियुक्ति की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं एवं युवाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। भाजयुमो जिला अध्यक्ष का पद संगठन में एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी माना जाता है, जिसके अंतर्गत जिले में पार्टी के युवाओं को संगठित करना, संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती देना और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाना शामिल होता है।
इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए संगठन के पास कई नामों पर विचार किया गया, लेकिन उमंग पाण्डेय की लगातार सक्रियता, संगठन के प्रति निष्ठा, सामाजिक कार्यों एवं विभिन्न सार्वजनिक आयोजनों में उनकी सहभागिता को देखते हुए संगठन ने उन पर भरोसा जताया।
नियुक्ति के बाद छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद संतोष पाण्डेय, विधायक भावना बोहरा, जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी सहित संगठन के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उमंग पाण्डेय को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।