सूरजपुर में नीलगिरी लकड़ी तस्करी का खुलासा, फर्जी अनुज्ञा पत्र से खेल, तीन गिरफ्तार

सूरजपुर जिले में नीलगिरी लकड़ी तस्करी के बड़े मामले का खुलासा हुआ है, जहां एसडीएम के फर्जी हस्ताक्षर से अनुज्ञा पत्र जारी कर अवैध परिवहन किया जा रहा था। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Mar 22, 2026 - 13:18
 0  3
सूरजपुर में नीलगिरी लकड़ी तस्करी का खुलासा, फर्जी अनुज्ञा पत्र से खेल, तीन गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. विकास श्रीवास्तव,। सूरजपुर जिले में नीलगिरी लकड़ी तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां तस्करों द्वारा एसडीएम के फर्जी हस्ताक्षर से अनुज्ञा पत्र जारी कर अवैध रूप से लकड़ी का परिवहन किया जा रहा था। इस मामले में एसडीएम की शिकायत पर कोतवाली थाना में मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, जिले में इन दिनों सुनियोजित तरीके से नीलगिरी की अवैध कटाई और परिवहन का नेटवर्क सक्रिय है। जिला मुख्यालय से लगे ग्राम पंचायत तिलसिंवा, पचिरा और बायपास चौक लटोरी क्षेत्र में यह अवैध कारोबार खुलेआम चल रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इन क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर नीलगिरी की लकड़ी का अवैध भंडारण किया गया है। कई बार सूचना देने के बावजूद संबंधित विभागों द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे तस्करों के हौसले बुलंद हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, तस्कर रात-दिन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में ओवरलोड लकड़ी रस्सियों के सहारे बांधकर मुख्य सड़कों और बस्तियों से बेखौफ गुजरते हैं। इससे न केवल नियमों का उल्लंघन हो रहा है, बल्कि किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका भी बनी रहती है।

फिलहाल पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय लोग अब इस अवैध कारोबार पर कड़ी कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।