एसएसपी जशपुर के निर्देशन में बनी साइबर जागरूकता लघु फिल्म "खौफ
जशपुर एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर फ्रॉड पर आधारित लघु फिल्म "खौफ – The Digital War" का निर्माण किया जा रहा है। फिल्म में एसएसपी स्वयं मुख्य किरदार निभा रहे हैं और डिजिटल अपराधों से बचाव के उपायों को सरल रूप में दिखाया गया है।
UNITED NEWS OF ASIA. योगेश यादव, जशपुर (छत्तीसगढ़)। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर अपराधों पर आधारित महत्वपूर्ण लघु फिल्म “खौफ – The Digital War” का निर्माण किया जा रहा है। यह फिल्म तेजी से बढ़ते डिजिटल फ्रॉड, ऑनलाइन बैंक धोखाधड़ी और विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट स्कैम जैसे अपराधों पर केंद्रित है। फिल्म में एसएसपी स्वयं एक स्कूल टीचर की भूमिका निभा रहे हैं जो साइबर ठगी का शिकार होता है और इसी के माध्यम से फिल्म की मुख्य कहानी आगे बढ़ती है।
डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराध भी नई तरकीबों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। अपराधी बैंक अधिकारी, RBI, CBI, NIA या पुलिस अधिकारी बनकर आम नागरिकों को डराकर पैसे ठग लेते हैं। इन गंभीर परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए फिल्म में डिजिटल अपराधों के वास्तविक स्वरूप, ठगों की कार्यशैली और उनसे बचने के उपायों को बेहद सरल और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
Tek 3 Studios द्वारा निर्मित इस फिल्म में सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम, ऑनलाइन गेम्स, KYC अपडेट और फर्जी मोबाइल ऐप्स के जरिए होने वाली ठगी को वास्तविक उदाहरणों के साथ दिखाया गया है।
फिल्म का मुख्य संदेश है—
“डिजिटल दुनिया में जागरूकता ही सुरक्षा है।”
फिल्म में यह बताया गया है कि छोटी-छोटी गलतियाँ जैसे—
• बिना सोचे-समझे किसी लिंक पर क्लिक करना
• स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करना
• घबराकर फोन पर निर्णय लेना
—कैसे बड़े आर्थिक अपराध का कारण बन सकती हैं।
फिल्म में छत्तीसगढ़ पुलिस की साइबर सेल, अपराध रोकथाम की प्रक्रिया, शिकायत पंजीकरण और त्वरित कार्रवाई को भी दर्शाया गया है, ताकि लोगों में भरोसा बढ़े और वे समझ सकें कि पुलिस हमेशा मदद के लिए तैयार है।
इस प्रोजेक्ट में छत्तीसगढ़ और जशपुर के कई स्थानीय कलाकारों को शामिल किया गया है।
फिल्म से जुड़े प्रमुख नाम—
• अभिनेता: एसएसपी शशि मोहन सिंह, आरवी सिन्हा, दीपा महंत, राम प्रकाश पांडेय, ऋभु समर्थ सिंह, कुंदन सिंह, प्रवीण अग्रवाल, विजय सिंह राजपूत, अंकित पांडे, आकर्ष, मनिषा, वंशिका गुप्ता
• DOP: अनुज कुमार
• स्टोरी: शशि मोहन सिंह
• स्क्रीनप्ले: तोरण राजपूत
• डायलॉग: घनश्याम
• मेकअप आर्टिस्ट: वर्षा सोनी, सहयोगी सुचिता भगत