कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला हिन्दी साहित्य समिति के अध्यक्ष डुमन लाल ध्रुव ने की, जबकि संचालन आकाश गिरी गोस्वामी ने किया। विशेष अतिथियों के रूप में एम. ए. फहीम, रंजीत छाबड़ा, प्रेम मग्रेंन्द, पूनम शुक्ला, कामिनी कौशिक और समाजसेविका प्रभा श्रीवास्तव उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ के साथ पौधा और पक्षियों के लिए घरौंदा भेंट कर किया गया। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश भी दिया गया।
संस्था की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए मुनीजा ज्याउल हुसैनी ने फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्था स्वस्थ समाज के निर्माण, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में निरंतर गतिविधियां संचालित कर रही है। कार्यक्रम में संस्था के सदस्य एवं पदाधिकारी वैभव जगने, डेमन सोनकर, जकी अहमद, एकता सिंह और झंकार शर्मा की भी सहभागिता रही।
मुख्य अतिथि रामू रोहरा ने संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े प्रयास समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने मरहूम ज्याउल हुसैनी के पत्रकारिता जीवन को याद करते हुए कहा कि वे धरातल से जुड़े पत्रकार थे और उनकी पत्रकारिता में समाज तथा आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता मिलती थी। उन्होंने ज्याउल हुसैनी की स्वच्छ और निर्भीक पत्रकारिता का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा। महापौर ने उनकी स्मृति को चिरस्थाई बनाने के लिए उनके नाम पर वार्ड में एक मार्ग का नामकरण करने की घोषणा भी की, जिसका उपस्थित लोगों ने स्वागत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डुमन लाल ध्रुव ने ज्याउल हुसैनी के कार्यों को सामाजिक धरोहर बताते हुए कहा कि समाज के लिए किए गए सकारात्मक कार्य व्यक्ति के जीवन के बाद भी लोगों को प्रेरणा देते हैं। कामिनी कौशिक और प्रभा श्रीवास्तव ने भी उनके सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके कार्यों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सम्मान समारोह में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में वृक्षारोपण के लिए शत्रुघ्न पांडे, कला के क्षेत्र में चित्रकला के लिए बसंत साहू, वन्यजीव संरक्षण एवं जनसेवा में सर्प रेस्क्यू कार्य के लिए सूर्यकांत साहूकार और विशेष बच्चों एवं खेल के क्षेत्र में कार्य के लिए सत्यांशु दीप को सम्मानित किया गया। नशामुक्ति अभियान और भारत भ्रमण साइकिल यात्रा के माध्यम से जागरूकता फैलाने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मान मिला। कुश्ती के क्षेत्र में योगदान के लिए लक्ष्मण साहू, स्वास्थ्य एवं आपातकालीन जनसेवा में निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा के लिए शिवा प्रधान तथा संगीत के क्षेत्र में योगदान के लिए दामिनी सोनेकर और जयश्री सोनेकर का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में मुनीजा हुसैनी ने सभी अतिथियों, सम्मानित व्यक्तियों और उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन के माध्यम से सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।