सिलफिली में मोबाइल दुकान से चोरी का खुलासा, 4 बालकों समेत 5 पकड़े गए
सूरजपुर जिले के सिलफिली में मुस्कान मोबाइल दुकान से चोरी के मामले का जयनगर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ 4 विधि विरुद्ध संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के 12 मोबाइल, 3 ब्लूटूथ हेडफोन और घटना में इस्तेमाल अपाचे मोटरसाइकिल समेत कुल 3 लाख 7 हजार 486 रुपये का सामान जब्त किया गया है।
UNITED NEWS OF ASIA. विकास श्रीवास्तव, सूरजपुर l सूरजपुर जिले के सिलफिली मेन मार्केट स्थित मुस्कान मोबाइल एंड इलेक्ट्रॉनिक दुकान में हुई चोरी के मामले का जयनगर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि 4 विधि विरुद्ध संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए 12 मोबाइल फोन, 3 ब्लूटूथ हेडफोन और घटना में इस्तेमाल की गई एक अपाचे मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार जब्त सामान और वाहन की कुल कीमत 3 लाख 7 हजार 486 रुपये है।
मामले की शुरुआत 18 सितंबर 2026 को हुई, जब सिलफिली निवासी गोपाल कुशवाहा ने थाना जयनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि सिलफिली मेन मार्केट में उनकी मुस्कान मोबाइल एंड इलेक्ट्रॉनिक नाम से दुकान है और वे दुकान में ही सोते हैं। 17 सितंबर की रात आवश्यक काम से घर जाने के कारण उन्होंने करीब 9 बजे दुकान बंद कर ताला लगा दिया था। अगले दिन सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान की ऊपर लगी सीट उखड़ी हुई मिली। अंदर रखे मोबाइल फोन और ब्लूटूथ हेडफोन गायब थे। रिपोर्ट पर जयनगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 286/2026 के तहत धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर मामले की गंभीरता से जांच की गई। जयनगर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया। पुलिस के अनुसार फुटेज से मिले संदिग्ध की जानकारी बीट ग्रुप में साझा की गई, जिसके बाद एक संदेही के संबंध में पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसी दौरान मुखबिर से भी सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी किए गए मोबाइल बेचने की फिराक में घूम रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने हीरालाल देवांगन उर्फ गोलू, उम्र 20 वर्ष, निवासी कुम्दा बस्ती थाना विश्रामपुर सहित 4 विधि विरुद्ध संघर्षरत बालकों को पकड़ा। पूछताछ में सभी ने सिलफिली स्थित मुस्कान मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि एक बालक ने अपने साथी को फोन कर मोबाइल दुकान में चोरी करने की बात कही थी। इसके बाद दो अन्य बालकों को भी योजना में शामिल किया गया। सभी ने मिलकर चोरी की योजना बनाई और मोटरसाइकिल से सिलफिली पहुंचे।
पुलिस के अनुसार आरोपी सिलफिली सब्जी मंडी के पास मोटरसाइकिल खड़ी कर पैदल दुकान तक पहुंचे। इसके बाद दुकान की सीट और ईंट हटाकर अंदर प्रवेश किया और 12 मोबाइल फोन तथा 3 ब्लूटूथ हेडफोन चोरी कर लिए। चोरी के सामान को आपस में बांट लिया गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सभी 12 मोबाइल, 3 ब्लूटूथ हेडफोन और घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल जब्त कर ली।
कार्रवाई के बाद हीरालाल देवांगन को गिरफ्तार किया गया, जबकि 4 विधि विरुद्ध संघर्षरत बालकों को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच और आरोपियों तक पहुंचने में सीसीटीवी फुटेज के साथ पुलिस के बीट ग्रुप से मिली जानकारी भी मददगार साबित हुई।
पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जयनगर अमित गुप्ता, प्रधान आरक्षक दीपक दूबे, राजेन्द्र एक्का, सुशील तिवारी तथा आरक्षक अम्बिका मरावी, रवि पाण्डेय, सुरेश साहू, हरिशंकर सिंह और बिजेश राजवाडे की टीम द्वारा की गई।