4.24 करोड़ के गांजा मामले में फरार आरोपी कटनी से गिरफ्तार, जयनगर पुलिस की कार्रवाई
सूरजपुर जिले के जयनगर थाना पुलिस ने 4 करोड़ 24 लाख रुपये से अधिक कीमत के 848 किलो 650 ग्राम गांजा जब्ती मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी अरसेन धुर्वे पवार को मध्यप्रदेश के कटनी से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी मामले का मुख्य सरगना बताया जा रहा है। इससे पहले प्रकरण में 8 आरोपियों की गिरफ्तारी और गांजा परिवहन में इस्तेमाल बस की जब्ती की जा चुकी है। पुलिस की इण्ड-टू-इण्ड विवेचना जारी है।
UNITED NEWS OF ASIA. विकास श्रीवास्तव, सूरजपुर l सूरजपुर जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ जयनगर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। थाना जयनगर पुलिस ने 4 करोड़ 24 लाख रुपये से अधिक कीमत के गांजा जब्ती और एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी को मध्यप्रदेश के कटनी से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरसेन धुर्वे पवार उर्फ पारधी, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम सिनगौड़ी फुटहा टोला खिरवा, थाना विजयराघवगढ़, जिला कटनी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसका स्थायी पता डिंडोरी जिले के शहपुरा क्षेत्र में है।
यह मामला 4 जून 2026 का है। जयनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि अंबिकापुर से मनेन्द्रगढ़ की ओर जा रही नीलम बस क्रमांक CG 15 EH 4301 में कुछ लोग बोरियों और कपड़े में बंधी गठरियों में गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सिलफिली के पास बस को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान बस की सीटों के नीचे, ऊपर और स्लीपर सीटों में रखी 53 बोरियों तथा कपड़े और साड़ी में बंधी गठरियों से कुल 848 किलो 650 ग्राम गांजा बरामद किया गया। गठरियों के ऊपर झाड़ू बांधे गए थे, जिससे गांजा छिपाने की कोशिश की गई थी।
पुलिस ने बरामद गांजे की कीमत करीब 4 करोड़ 24 लाख रुपये बताई है। इसके साथ ही 478 नग झाड़ू, गांजा परिवहन में इस्तेमाल नीलम बस और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया था। इस मामले में गोल झरनी, उनर बाई, रूजीना, अटरिया, अन्टबाई, पेहरी बाई और बस चालक छोटन राम समेत आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 140/2026 में धारा 20(बी), 20(II)(सी) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। इसके बाद 24 अगस्त 2026 को जाजोन सिंह निवासी बरही, जिला कटनी को भी गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के मुताबिक मामले की आगे की विवेचना के दौरान फरार आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही थी। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने प्रकरण में इण्ड-टू-इण्ड विवेचना करते हुए फरार आरोपियों की हरसंभव पतासाजी कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी अरसेन धुर्वे पवार जिला जेल कटनी से रिहा होकर बाहर आया है। आरोपी के खिलाफ थाना बरही, जिला कटनी में आर्म्स एक्ट का मामला भी दर्ज बताया गया है।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जयनगर पुलिस ने जिला जेल कटनी के पास घेराबंदी कर अरसेन धुर्वे पवार को पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर गांजा तस्करी की पूरी योजना के संबंध में जानकारी दी। पुलिस के अनुसार उसने मई-जून के दौरान खिरहनी पारधी बस्ती के लोगों को ओडिशा ले जाने और झाड़ू फैक्टरी से झाड़ू लाने के नाम पर प्रत्येक व्यक्ति को 5 से 10 हजार रुपये देने की बात कही थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने लोगों को पहले पिकअप वाहन से कटनी पहुंचाया और वहां से ट्रेन के जरिए बिलासपुर होते हुए राउरकेला, ओडिशा ले जाया गया। वहां से झाड़ू और गांजा गठरियों में रखकर पिकअप वाहन के जरिए अंबिकापुर क्षेत्र तक लाया गया। इसके बाद एजेंट के माध्यम से नीलम बस बुक कर सभी लोग गांजा और झाड़ू की गठरियां लेकर रवाना हुए थे। सिलफिली के पास पुलिस ने बस को रोककर कार्रवाई की थी। मामले में पुलिस की इण्ड-टू-इण्ड विवेचना अभी जारी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी जयनगर अमित गुप्ता, एसआई सोहन सिंह, प्रधान आरक्षक राजेन्द्र एक्का, आरक्षक जितेन्द्र साहू और हरि सिंह की भूमिका रही।