सूरजपुर में 1.19 करोड़ का गांजा बरामद, प्लास्टिक दाना की आड़ में हो रही थी तस्करी
सूरजपुर जिले के चंदौरा थाना क्षेत्र के घाटपेण्डारी घाट में पलटे ट्रक से पुलिस ने 238 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये बताई गई है। गांजा प्लास्टिक दाना की बोरियों के बीच छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। मामले में अलीगढ़ निवासी सुनील कुमार को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
UNITED NEWS OF ASIA. विकास श्रीवास्तव, सूरजपुर l सूरजपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना चंदौरा पुलिस ने घाटपेण्डारी घाट में पलटे एक ट्रक से करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये कीमत का 238 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गांजा प्लास्टिक दाना की बोरियों के बीच छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। मामले में पुलिस ने अलीगढ़ निवासी सुनील कुमार को गिरफ्तार किया है, जबकि इस तस्करी से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 30 सितंबर 2026 को चंदौरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम घाटपेण्डारी के मुख्य घाट में ट्रक क्रमांक यूपी 13 टी 5497 पलटा हुआ है। ट्रक को क्रेन की मदद से उठवाने की तैयारी की जा रही थी और हादसे के बाद बिखरे सामान को एक स्थान पर इकट्ठा किया जा रहा था। सूचना में यह भी बताया गया कि ट्रक से कुछ सामान निकालकर सड़क से कुछ दूरी पर एक गड्ढे में रखा गया है और उसे प्लास्टिक तिरपाल से ढककर छिपाया गया है।
सूचना मिलते ही चंदौरा पुलिस टीम घाटपेण्डारी मुख्य घाट पहुंची। मौके पर क्षतिग्रस्त ट्रक मिला। ट्रक के आसपास प्लास्टिक दाना से भरी बोरियां भी रखी हुई थीं, लेकिन चालक या अन्य कोई व्यक्ति वहां मौजूद नहीं था। पुलिस ने आसपास के इलाके की तलाशी ली तो गड्ढे में तिरपाल से ढककर रखी गई बोरियां मिलीं। जांच करने पर कुल 9 बोरियों में 238 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये बताई है।
पुलिस ने गांजे के साथ घटना में प्रयुक्त टाटा कंपनी का 12 चक्का ट्रक भी जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 19 बड़ी बोरियों में भरा प्लास्टिक दाना भी बरामद किया गया। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने फरार आरोपी सुनील कुमार की पतासाजी शुरू की और दबिश देकर उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सुनील कुमार ने बताया कि ट्रक अलीगढ़ उत्तर प्रदेश निवासी उसके साथी के नाम पर पंजीकृत है और वह पार्टनरशिप में ट्रक की देखरेख करता था। कथित तौर पर ट्रक में ओडिशा से प्लास्टिक दाना के साथ गांजा लोड कराया गया था और इसे उत्तर प्रदेश के लखनऊ ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार 29 सितंबर 2026 को ट्रक घाटपेण्डारी घाट में पलट गया था। इसके बाद गांजे को सड़क किनारे गड्ढे में छिपाकर तिरपाल से ढक दिया गया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील कुमार पिता लक्ष्मण सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी इन्द्रानगर खैरी रोड, थाना देहली गेट, जिला अलीगढ़ उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चंदौरा लक्ष्मण सिंह धुर्वे, प्रधान आरक्षक शैलेष सिंह, भगवत दयाल पैकरा तथा आरक्षक अभय तिवारी, अवधेश कुशवाहा, सूरज पाटिल, विजय गुप्ता, कमलेश यादव, अमृतलाल जगत, अशोक कुमार और मनोज राजवाड़े की भूमिका रही।