रायपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नियमों का उल्लंघन मिलने पर दो स्पा सेंटर सील

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन में स्पा सेंटरों के खिलाफ चलाए गए जांच अभियान के बाद थाना पंडरी क्षेत्र के दो स्पा सेंटरों को सील किया गया है। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने और लाइसेंस की निर्धारित शर्तों का पालन नहीं किए जाने पर नगर निगम की टीम ने दोनों सेंटरों को विधिवत सील किया। पुलिस ने स्पा संचालकों को नियमों का पालन करने, CCTV व्यवस्था बनाए रखने, ग्राहकों का रजिस्टर और पहचान पत्र सुरक्षित रखने तथा कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराने के निर्देश दिए हैं।

Aug 30, 2026 - 17:15
 0  3
रायपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नियमों का उल्लंघन मिलने पर दो स्पा सेंटर सील

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन में स्पा सेंटरों की जांच के बाद नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की गई है। थाना पंडरी क्षेत्र में संचालित दो स्पा सेंटरों को आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने और लाइसेंस की निर्धारित शर्तों का पालन नहीं किए जाने के कारण नगर निगम की टीम ने विधिवत सील कर दिया है। यह कार्रवाई पुलिस की व्यापक जांच के बाद की गई है।

जानकारी के अनुसार 29 अगस्त 2026 को पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित 30 अलग-अलग स्पा सेंटरों में एक साथ व्यापक जांच अभियान चलाया गया था। इस अभियान में पुलिस की 15 टीमों ने राजपत्रित अधिकारियों सहित 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों के साथ स्पा सेंटरों की जांच की थी। जांच के दौरान सेंटरों के दस्तावेज, कर्मचारियों से संबंधित जानकारी, ग्राहक एवं स्टाफ रजिस्टर, CCTV रिकॉर्डिंग की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं की पड़ताल की गई थी।

इसी जांच के क्रम में नॉर्थ जोन पुलिस ने थाना पंडरी क्षेत्र में संचालित दो स्पा सेंटरों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की। उषा प्राइड, मोवा स्थित रिफ्लेक्शन स्पा और अंबुजा मॉल स्थित ला थाई स्पा में जांच के दौरान आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने तथा लाइसेंस की निर्धारित शर्तों का पालन नहीं किया जाना सामने आया। इसके बाद नगर निगम की टीम ने थाना पंडरी पुलिस की मौजूदगी में दोनों सेंटरों का पंचनामा तैयार किया और उन्हें विधिवत सील कर दिया।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन आदित्य पांडे के निर्देशन में तथा एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई के दौरान थाना पंडरी पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रही।

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा शहर में संचालित विभिन्न संस्थानों के नियमों और लाइसेंस की शर्तों के पालन को लेकर लगातार निगरानी और जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पा सेंटर संचालकों को स्पष्ट हिदायत दी है कि वे गुमास्ता लाइसेंस और ट्रेड लाइसेंस में निर्धारित शर्तों का पूरी तरह पालन करते हुए ही सेंटर का संचालन करें।

पुलिस ने संचालकों को सेंटर परिसर में CCTV कैमरे लगाने और उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने, ग्राहकों का विधिवत रजिस्टर मेंटेन करने तथा ग्राहकों से पहचान पत्र लेने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सेंटर में कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन सुनिश्चित करने को कहा गया है। पुलिस के अनुसार भविष्य में जांच के दौरान नियमों के विपरीत कोई संदिग्ध गतिविधि या आपत्तिजनक वस्तु पाए जाने पर संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।