शहीद पंकज विक्रम को शहादत दिवस पर रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने किया सादर नमन

शहादत दिवस पर राजधानी रायपुर के पेंशनबाड़ा स्थित शहीद पंकज विक्रम की प्रतिमा स्थल पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी सहित जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, परिजनों और मित्रों ने शहीद पंकज विक्रम को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया।

Aug 14, 2026 - 14:00
 0  3
शहीद पंकज विक्रम को शहादत दिवस पर रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने किया सादर नमन

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l शहीद पंकज विक्रम के शहादत दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। विवेकानंद कॉम्प्लेक्स, पेंशनबाड़ा के सामने स्थित शहीद पंकज विक्रम की प्रतिमा स्थल पर नगर निगम संस्कृति विभाग के तत्वावधान में नगर निगम जोन क्रमांक 4 के सहयोग से पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, शहीद के परिजनों और उनके मित्रों ने पहुंचकर शहीद पंकज विक्रम को श्रद्धांजलि अर्पित की।

पुष्पांजलि कार्यक्रम में पहुंचकर रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने शहीद पंकज विक्रम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें शहादत दिवस पर सादर नमन किया। उन्होंने शहीद के देश के प्रति समर्पण और बलिदान को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी शहीद पंकज विक्रम के बलिदान को याद करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में रायपुर नगर पालिक निगम के सभापति सूर्यकांत राठौड़, शहीद पंकज विक्रम वार्ड क्रमांक 58 की पार्षद स्वप्निल मिश्रा, एल्डरमेन राजू राघवानी सहित अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कांदुल, रायपुर के भूतपूर्व सैनिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। पूर्व सैनिकों में लेफ्टिनेंट दीनानाथ साहू, सूबेदार रोहित कुमार, कुलेश्वर प्रसाद पटेल और कर्नल सिद्धार्थ बोस सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। सभी ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन किया।

इस अवसर पर शहीद पंकज विक्रम के भाई कैप्टन नीरज विक्रम भी मौजूद रहे। उनके बहनोई सुनील डोंगरे, शहीद के बाल सखा एवं व्यवसायी दिलीप पंजवानी तथा पारिवारिक मित्र और कोर्ट ऑफ द पैस्टोरेट के अध्यक्ष जॉन राजेश पॉल ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद को श्रद्धांजलि दी। नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 4 के कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह सहित अन्य उपस्थित लोगों ने भी शहीद पंकज विक्रम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।

शहादत दिवस का यह आयोजन शहीद पंकज विक्रम के त्याग, साहस और देश के प्रति उनके समर्पण को स्मरण करने का अवसर बना। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि देश की रक्षा और राष्ट्रहित में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। शहीदों का जीवन और उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को देशप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, परिजनों और मित्रों ने शहीद पंकज विक्रम की स्मृति को नमन करते हुए उनके बलिदान को सदैव याद रखने का संकल्प लिया।