सेवा संकल्प अभियान के तहत विधायक दीपेश साहू ने बैजलपुर स्कूल में किया वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान में भी लिया हिस्सा
बेमेतरा ग्रामीण मंडल के ग्राम बैजलपुर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक दीपेश साहू ने शामिल होकर विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया और स्वच्छता अभियान में सहभागिता निभाई। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को निरंतर सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l बेमेतरा ग्रामीण मंडल के ग्राम बैजलपुर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में सेवा संकल्प अभियान के तहत वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू शामिल हुए। उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर की साफ-सफाई भी की गई और उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में भाजपा रायपुर जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा, पूर्व ग्रामीण मंडल अध्यक्ष छोटू राम साहू, समिति अध्यक्ष मोहन वर्मा, मंडल अध्यक्ष सेवाराम साहू, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष गजानन साहू सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामवासी मौजूद रहे। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने भी अभियान में सहभागिता निभाई। आयोजन के दौरान परिसर में स्वच्छता को लेकर लोगों को जागरूक किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा और समर्पण के रूप में मनाते हुए भाजपा कार्यकर्ता समाजहित से जुड़े विभिन्न कार्यों में सहभागी बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण और स्वच्छता किसी एक दिन तक सीमित रहने वाला अभियान नहीं है, बल्कि यह निरंतर निभाया जाने वाला सामाजिक दायित्व है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने और अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम में भाजपा रायपुर जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा की भावना पहुंचाना है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को समाज तथा आने वाली पीढ़ियों के हित से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े ऐसे अभियानों में कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है।