साईं खेड़ा खुर्द स्कूल में शौचालय की समस्या, जर्जर व्यवस्था के कारण बच्चों को हो रही परेशानी

नेपानगर के साईं खेड़ा खुर्द स्थित एकीकृत माध्यमिक शाला में शौचालय की व्यवस्था लंबे समय से खराब होने के कारण विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुराना शौचालय जर्जर अवस्था में है, जबकि नया शौचालय निर्माण कार्य 8 से 10 महीने से अधूरा बताया जा रहा है। ग्रामीणों और शिक्षकों द्वारा पंचायत प्रतिनिधियों को सूचना देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने की बात सामने आई है। पंचायत की ओर से वर्तमान सचिव का खाता खुलने के बाद निर्माण कार्य शुरू करने की बात कही गई है।

Aug 19, 2026 - 11:56
 0  2
साईं खेड़ा खुर्द स्कूल में शौचालय की समस्या, जर्जर व्यवस्था के कारण बच्चों को हो रही परेशानी

UNITED NEWS OF ASIA. महेश किनगे, नेपानगर l ग्रामीण क्षेत्र साईं खेड़ा खुर्द पंचायत के अंतर्गत संचालित एकीकृत माध्यमिक शाला साईं खेड़ा खुर्द में शौचालय की उचित व्यवस्था नहीं होने से विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल परिसर में मौजूद पुराना शौचालय जर्जर अवस्था में है, जिसके कारण बच्चे उसका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। वहीं नवीन शौचालय का निर्माण कार्य भी लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार नवीन शौचालय का निर्माण करीब 8 से 10 महीने से अधूरा है। इसके चलते स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को शौचालय के लिए विद्यालय परिसर से बाहर जाना पड़ रहा है। इससे विद्यार्थियों को असुविधा के साथ-साथ स्कूल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सरपंच और सचिव को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक शौचालय निर्माण पूरा नहीं हो सका है।

विद्यालय के शिक्षकों द्वारा भी पंचायत के सरपंच और सचिव को नवीन शौचालय का निर्माण जल्द पूरा कराने के लिए जानकारी दिए जाने की बात सामने आई है। इसके बावजूद निर्माण कार्य अधूरा रहने से विद्यार्थियों की परेशानी बनी हुई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि स्कूल में बच्चों की जरूरत को देखते हुए शौचालय निर्माण कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाए।

मामले को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की ओर से स्वच्छता को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। ऐसे में विद्यालय जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर विद्यार्थियों को शौचालय के लिए बाहर जाना पड़ना चिंता का विषय है। ग्रामीणों ने पंचायत स्तर पर तत्काल कार्रवाई कर बच्चों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

संवाददाता द्वारा मामले को लेकर सरपंच से जानकारी लेने का प्रयास किया गया। सरपंच ने पंचायत में आने की बात कही, लेकिन बाद में पंचायत में उपस्थित नहीं हुए। इसके चलते इस मामले में उनका पक्ष तत्काल सामने नहीं आ सका।

वहीं सहायक सचिव प्रकाश इंगले ने बताया कि नवीन शौचालय भवन का निर्माण कार्य पूरा नहीं होने का एक कारण पूर्व सचिव की सेवा समाप्त होना है। उन्होंने बताया कि वर्तमान सचिव का बैंक खाता अभी खुला नहीं है। खाता खुलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा और उनके अनुसार लगभग 10 से 15 दिन के भीतर शौचालय का काम प्रारंभ करने की संभावना है।

उप सरपंच प्रतिनिधि जोतमल चौहान, पंचायत सदस्य मेघनाथ बनाना गोस्वामी और सहायक सचिव प्रकाश इंगले ने मामले को लेकर अपनी-अपनी जानकारी दी। ग्रामीणों और अभिभावकों की मांग है कि विद्यार्थियों की सुविधा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए शौचालय निर्माण कार्य में और देरी न की जाए तथा जल्द से जल्द इसे उपयोग के योग्य बनाया जाए।