सहयोग केंद्र जनदर्शन में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सुनीं 500 से अधिक लोगों की समस्याएं, त्वरित समाधान के निर्देश

रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के सहयोग केंद्र में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 500 से अधिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

Feb 12, 2026 - 17:24
 0  4
सहयोग केंद्र जनदर्शन में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सुनीं 500 से अधिक लोगों की समस्याएं, त्वरित समाधान के निर्देश

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित ‘सहयोग केंद्र’ में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। कार्यक्रम में सहयोग केंद्र प्रभारी सच्चिदानंद उपासने भी उपस्थित रहे।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रति सप्ताह निर्धारित समयानुसार मंत्रीगण सहयोग केंद्र में उपस्थित रहते हैं, जिससे कार्यकर्ता और आम नागरिक सीधे अपने प्रतिनिधियों के समक्ष अपनी समस्याएं रख सकें। उन्होंने बताया कि सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि सहयोग केंद्र के माध्यम से संगठन और सरकार के बीच समन्वय को और मजबूत किया जा रहा है। इस पहल से न केवल कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान हो रहा है, बल्कि आम नागरिकों को भी सीधे संवाद का अवसर मिल रहा है।

जनदर्शन कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से 500 से अधिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने अपनी समस्याएं और सुझाव प्रस्तुत किए। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान कई लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान होने पर नागरिकों ने संतोष और खुशी व्यक्त की।