रणजीता स्टेडियम में रंगोली से साकार हुआ डिजिटल इंडिया का विजन, दीपों से दिया डिजिटल सशक्तिकरण का संदेश
जशपुर के रणजीता स्टेडियम में सेवा संकल्प अभियान के तहत डिजिटल इंडिया के विजन पर आधारित विशाल रंगोली तैयार की गई। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने रंगोली का अवलोकन कर दीप प्रज्वलित किया। रंगोली में डिजिटल कनेक्टिविटी, ई-गवर्नेंस, तकनीकी सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को दर्शाया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l सेवा संकल्प अभियान के तहत जशपुर के रणजीता स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया विजन को आकर्षक रंगोली के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। रंगों और रचनात्मकता के अनूठे संगम से तैयार विशाल रंगोली में डिजिटल तकनीक के माध्यम से सशक्त, आत्मनिर्भर और आधुनिक भारत की परिकल्पना को कलात्मक रूप से उकेरा गया। रंगोली में डिजिटल कनेक्टिविटी और ई-गवर्नेंस के साथ भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने रणजीता स्टेडियम पहुंचकर रंगोली का अवलोकन किया। उन्होंने रंगोली के चारों ओर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम में अपनी सहभागिता निभाई। दीपों की रोशनी से सजी रंगोली ने डिजिटल भारत की बदलती तस्वीर को और आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर विधायक रायमुनी भगत भी उपस्थित रहीं।
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया ने देश में विकास और सुशासन को नई गति दी है। उन्होंने कहा कि तकनीक के विस्तार से शासन की सेवाएं नागरिकों की पहुंच में आई हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग सहित अनेक क्षेत्रों में डिजिटल तकनीक के उपयोग से सुविधाएं अधिक सहज और सुलभ हुई हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल कनेक्टिविटी केवल तकनीकी प्रगति का माध्यम नहीं है, बल्कि देश के अंतिम व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी भी है।
रंगोली के मध्य में ‘डिजिटल इंडिया’ का संदेश प्रमुखता से उकेरा गया। इसके ऊपर बनाए गए वाई-फाई के प्रतीक के माध्यम से देश में बढ़ती डिजिटल कनेक्टिविटी और इंटरनेट की पहुंच को प्रदर्शित किया गया। कंप्यूटर और क्लाउड तकनीक के चित्रों के जरिए डिजिटल सेवाओं, ऑनलाइन जानकारी और आधुनिक तकनीकी संसाधनों को दर्शाया गया। वहीं मोबाइल फोन और सरकारी भवन के चित्रों के माध्यम से ई-गवर्नेंस तथा नागरिकों तक डिजिटल माध्यम से पहुंचने वाली शासकीय सेवाओं की तस्वीर प्रस्तुत की गई।
रंगोली में भारत के मानचित्र को दोनों हाथों से थामे हुए चित्र के माध्यम से तकनीक से सशक्त भारत और प्रत्येक नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की भावना को अभिव्यक्त किया गया। मानचित्र के भीतर अलग-अलग रंगों से बनाई गई डिजिटल लाइनों को देश के विभिन्न हिस्सों को तकनीक और संचार के माध्यम से जोड़ने का प्रतीक बताया गया।
रंगोली में हरी पत्तियों और पौधे की आकृति भी बनाई गई, जिसके माध्यम से आधुनिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की आवश्यकता का संदेश दिया गया। वहीं रंगोली के नीचे अंकित ‘कनेक्टेड इंडिया, स्ट्रॉन्गर इंडिया’ संदेश ने डिजिटल रूप से जुड़े नागरिकों के माध्यम से सशक्त भारत के निर्माण की परिकल्पना को सामने रखा।
रंगोली के चारों ओर प्रज्वलित दीप भारतीय संस्कृति, ज्ञान, प्रकाश और सकारात्मकता के प्रतीक बने। रंगों और दीपों के इस संगम के माध्यम से डिजिटल जागरूकता की रोशनी से डिजिटल दूरी कम करने और नए अवसरों की ओर आगे बढ़ने का संदेश दिया गया। एक ही कलाकृति में डिजिटल कनेक्टिविटी, तकनीकी सशक्तिकरण, ई-गवर्नेंस, सुशासन, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।