मशानघाट और शास्त्री नगर में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम, उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान

भिलाई के मशानघाट और शास्त्री नगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पोषण जागरूकता, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग देने वाली मितानिनों को सम्मानित किया गया।

Oct 7, 2026 - 08:38
 0  4
मशानघाट और शास्त्री नगर में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम, उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान

UNITED NEWS OF ASIA. रोहितास सिंह भुवाल, दुर्ग l महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र मशानघाट, शास्त्री नगर 01 और शास्त्री नगर 02 में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र में पोषण जागरूकता बढ़ाने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के संबंध में जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में भिलाई महिला मोर्चा अध्यक्ष स्वीटी कौशिक, वार्ड पार्षद लक्ष्मी साहू, पूर्व पार्षद सेक्टर-4 निर्मला नायडू, परियोजना अधिकारी पद्मजा सिन्हा तथा पर्यवेक्षक किरण देवांगन उपस्थित रहीं। अतिथियों ने क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहकर स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों की भूमिका की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सम्मानित किया गया। कार्यकर्ता तब्बसुम, रंजना बड़गे और रूखमणी कश्यप तथा सहायिका प्रतिभा, कबूतरी देवी और दुर्गा कुटारे को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई। अतिथियों ने सम्मानित कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें इसी तरह समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सहयोग देने वाली मितानिनों को भी कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। निर्मला देवांगन, खिलेश्वरी और अनीता को उनके योगदान के लिए सम्मान मिला। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) की लाभार्थी महिलाओं को भी योजना से मिलने वाले लाभ की जानकारी दी गई। संगीता पटेल, प्रियंका, खुश्बू भगत, आरती साव, ज्ञानमती और निशा खोब्रागडे को योजना के लाभ, पोषण आहार और बच्चों के नियमित टीकाकरण के महत्व के बारे में बताया गया। महिलाओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित सेवाओं का समय पर लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।

अतिथियों और विभागीय अधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र समाज के स्वास्थ्य और पोषण की मजबूत नींव हैं। बच्चों के पोषण, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की देखभाल और स्वास्थ्य जागरूकता में इन केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से ही स्वस्थ और सुपोषित समाज का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम के दौरान पोषण, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं को लेकर महिलाओं को जागरूक किया गया। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध सेवाओं का लाभ लेने के लिए हितग्राहियों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। आयोजन के माध्यम से क्षेत्र में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों के योगदान को सम्मान देने के साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।