स्पा सेंटर डकैती कांड का खुलासा, रायपुर पुलिस ने 3 आरोपियों को भेजा जेल
रायपुर के न्यू राजेन्द्र नगर स्थित कल्चरल वेलनेस स्पा सेंटर में हुई डकैती का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य पांच फरार आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार युवकों से घटना में प्रयुक्त बाइक और नगदी रकम बरामद की गई है।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर। राजधानी रायपुर के न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में स्थित कल्चरल वेलनेस स्पा सेंटर में हुई डकैती की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
घटना 26 अक्टूबर की रात लगभग 8 बजे की है, जब 8 नकाबपोश आरोपियों ने गोविंद सारंग परिसर के पास स्थित कल्चरल वेलनेस स्पा सेंटर में घुसकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने स्पा संचालक सन्नी मनवानी और उनके मैनेजर धनेश मिरी को बंधक बनाकर मारपीट की तथा गल्ले से 20 हजार रुपए नकद लूट लिए। इसके बाद दो आरोपियों ने सन्नी मनवानी को बाइक में बिठाकर एटीएम से 50 हजार रुपए नकद निकालने और पेट्रोल पंप से क्रेडिट कार्ड स्वाइप कर 50 हजार रुपए की जबरन वसूली की। कुल 1.20 लाख रुपए की डकैती कर आरोपी वहां से फरार हो गए और DVR भी साथ ले गए।
थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 252/2025 दर्ज कर जांच शुरू की। क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। तत्पश्चात तीन आरोपियों —
-
धनराज चौधरी ऊर्फ हनी (18 वर्ष, टाटीबंध)
-
गुरविंदर सिंह (21 वर्ष, रिंग रोड नं. 1, कबीर नगर)
-
नवजोत सिंह भामरा (20 वर्ष, RDA कॉलोनी, कबीर नगर) —
को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और नगदी रकम बरामद की है। फिलहाल अन्य पांच फरार आरोपियों की पहचान हो चुकी है, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई है। जांच दल ने कहा कि जल्द ही सभी फरार आरोपियों को पकड़कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस की तत्परता और अपराध नियंत्रण के प्रति सख्त रवैये का परिचय मिला है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।