रायपुर भेजे जा रहे 38.900 टन लोहे में 5 टन की हेराफेरी, रायगढ़ पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

रायगढ़ जिले में चंद्रहासिनी इस्पात प्लांट से रायपुर भेजे जा रहे लोहे के 38.900 टन माल में से करीब 5 टन लोहे के क्वायल की हेराफेरी का मामला सामने आया है। पूंजीपथरा पुलिस ने इस मामले में ट्रक चालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हरिओम गैरेज से करीब 5 टन वजन के दो लोहे के क्वायल बरामद किए हैं, जिनकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Nov 3, 2026 - 08:59
 0  2
रायपुर भेजे जा रहे 38.900 टन लोहे में 5 टन की हेराफेरी, रायगढ़ पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़ l छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में औद्योगिक प्लांट से रायपुर भेजे जा रहे लोहे के माल में हेराफेरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। चंद्रहासिनी इस्पात प्राइवेट लिमिटेड, गेरवानी से रायपुर भेजे जा रहे 38.900 टन लोहे में से करीब 5 टन लोहे के क्वायल रास्ते में गायब कर दिए गए थे। पूंजीपथरा पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 5 टन वजन के दो लोहे के क्वायल बरामद किए हैं, जिनकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई गई है।

रायगढ़ पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को चंद्रहासिनी इस्पात प्लांट से पवन पुत्र ट्यूब्स, रायपुर के लिए वाहन क्रमांक CG10BS7041 में 38.900 टन लोहा लोड कर रवाना किया गया था। 11 सितंबर को ट्रक चालक मुरली साहू रायपुर पहुंचा और वहां धर्मकांटा में वाहन का वजन कराया गया। जांच में करीब 5 टन माल कम पाया गया। इसके बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

इस मामले में प्लांट के सेल्स एग्जीक्यूटिव अर्पित पाण्डेय ने 22 सितंबर को थाना पूंजीपथरा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 253/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(3) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने जांच तेज की। 30 अक्टूबर को ट्रक चालक मुरली साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि मुरली ने अपने भाई चेतन साहू उर्फ रामजाने को ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेज इस्तेमाल करने के लिए दिए थे। जांच में दस्तावेज उपलब्ध कराने और अपराध में सहयोग करने के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर मुरली साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इसके बाद पुलिस ने 1 नवंबर को चेतन साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, चेतन ने बताया कि रायगढ़ में उसकी मुलाकात अजीत पेट्रोल पंप के पास स्थित हरिओम गैरेज की देखरेख करने वाले संतोष गुप्ता से हुई थी। दोनों ने मिलकर ट्रक से लोहे के दो क्वायल रास्ते में उतारकर छिपाने और बाद में बेचने की योजना बनाई थी।

पुलिस का कहना है कि इसी योजना के तहत ट्रक से दोनों क्वायल बाईपास रोड के उबड़-खाबड़ रास्ते में उतारे गए और संतोष गुप्ता ने उन्हें हरिओम गैरेज में छिपाकर रख दिया। चेतन से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने गैरेज में दबिश दी और संतोष गुप्ता को हिरासत में लिया। वहां से दोनों लोहे के क्वायल बरामद कर जब्त किए गए।

पुलिस ने संतोष कुमार गुप्ता, निवासी बिहार और वर्तमान में रायगढ़ में रह रहे, तथा चेतन साहू उर्फ रामजाने, निवासी रायपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस तरह मामले में ट्रक चालक मुरली साहू सहित कुल तीन आरोपियों पर कार्रवाई की गई है।

इस कार्रवाई में पूंजीपथरा थाना प्रभारी रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस के अनुसार, मामले में आपराधिक न्यासभंग और आपराधिक षड्यंत्र से जुड़े पहलुओं पर कार्रवाई की गई है।