पोलमी के खेत में पहुंचीं कलेक्टर तुलिका प्रजापति, नॉन-डीसीएस फसलों के सत्यापन का किया निरीक्षण

कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड के सुदूर वनांचल ग्राम पोलमी में कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने नॉन-डीसीएस फसलों के भौतिक सत्यापन कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने ई-गिरदावरी और डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रक्रिया को मौके पर देखा और सर्वेयर तथा पटवारी को शत-प्रतिशत पारदर्शी एवं त्रुटिरहित सर्वे करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्माणाधीन पंचायत भवन का भी निरीक्षण कर गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

Oct 7, 2026 - 17:39
 0  2
पोलमी के खेत में पहुंचीं कलेक्टर तुलिका प्रजापति, नॉन-डीसीएस फसलों के सत्यापन का किया निरीक्षण

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कबीरधाम l कबीरधाम जिले में नॉन-डीसीएस फसलों के भौतिक सत्यापन का कार्य जारी है। इसी क्रम में कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने पंडरिया विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र ग्राम पोलमी पहुंचकर खेतों में चल रहे नॉन-डीसीएस फसलों के भौतिक सत्यापन कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर सर्वेयर और हल्का पटवारी द्वारा की जा रही ई-गिरदावरी की प्रक्रिया को देखा और सर्वे कार्य की प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खेतों में दर्ज की जाने वाली प्रत्येक जानकारी वास्तविक स्थिति के अनुरूप हो और सर्वे कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए।

ग्राम पोलमी में कृषक मदन के खसरा नंबर 176/1 में नॉन-डीसीएस फसल का भौतिक सत्यापन किया जा रहा था। कलेक्टर ने मौके पर सर्वेयर से खेत में दर्ज की जा रही जानकारी, फसल के रकबे और डिजिटल सर्वे की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सर्वे के दौरान खेत की वास्तविक स्थिति और दर्ज किए जा रहे आंकड़ों में किसी तरह का अंतर नहीं होना चाहिए। उन्होंने शत-प्रतिशत पारदर्शी और त्रुटिरहित सर्वे सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत सर्वेयर द्वारा खेत में पहुंचकर भूमि और फसल से संबंधित जानकारी मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज की जा रही है। इसके साथ ही खेत की तस्वीर भी अपलोड की जा रही है। इसके बाद दर्ज जानकारी का पटवारी और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सत्यापन किया जाएगा। इस प्रक्रिया के माध्यम से जिले के प्रत्येक खेत में बोई गई फसल और उसके रकबे का व्यवस्थित डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है।

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सर्वे कार्य को गुणवत्तापूर्वक और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सर्वे के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने और वास्तविक आंकड़ों को ही डिजिटल रिकॉर्ड में दर्ज करने पर जोर दिया। डिजिटल क्रॉप सर्वे से जिले में फसलों और उत्पादन से संबंधित अद्यतन आंकड़े उपलब्ध हो सकेंगे। इन आंकड़ों का उपयोग फसल बीमा, फसल क्षति के आकलन, कृषि योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और आगामी धान खरीदी की प्रभावी योजना तैयार करने में किया जा सकेगा।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम अमित नाथ योगी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पटवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने मैदानी स्तर पर चल रहे सर्वे कार्य की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

निर्माणाधीन पंचायत भवन का भी किया निरीक्षण

ग्राम पोलमी प्रवास के दौरान कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने निर्माणाधीन पंचायत भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भवन निर्माण की प्रगति, निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री और कार्य की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्वक पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण में गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए और कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।