UNITED NEWS OF ASIA. नॉर्थ साइप्रस के पास रविवार को समुद्र में एक बड़ा हादसा हो गया। करीब 270 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर तुर्किये जा रही एक फेरी बोट अचानक समुद्र में पलट गई। हादसे में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। घटना के बाद समुद्र में बड़े स्तर पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है।
जानकारी के अनुसार यह फेरी बोट उत्तरी साइप्रस के काइरेनिया बंदरगाह से तुर्की के तासुकु बंदरगाह के लिए रवाना हुई थी। रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे फेरी ने बंदरगाह से अपनी यात्रा शुरू की थी। काइरेनिया के तट से करीब दो किलोमीटर उत्तर में पहुंचने के बाद फेरी समुद्र में पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही तुर्की साइप्रस तटरक्षक बल की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान में एक हेलीकॉप्टर को भी लगाया गया।
उत्तरी साइप्रस के प्रधानमंत्री उनाल उस्तेल के मुताबिक अब तक 237 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है। बताया गया कि फेरी खराब मौसम के बीच रवाना हुई थी और यात्रा शुरू होने के करीब 15 मिनट बाद उसमें पानी भरने लगा। किनारे से लगभग चार मील दूर पहुंचने के बाद नौका अनियंत्रित होकर डूबने लगी। देखते ही देखते फेरी समुद्र में पलट गई और उसमें सवार कई यात्री पानी में फंस गए।
हादसे के दौरान कुछ यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए पलटी हुई फेरी के ऊपर चढ़कर सुरक्षित रहने की कोशिश की। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग भी मदद के लिए आगे आए और अपनी निजी नावों के जरिए समुद्र में फंसे लोगों को बचाने के अभियान में शामिल हुए।
बचाव दल ने समुद्र में लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी है। तटरक्षक बल की नावों के साथ हेलीकॉप्टर की मदद भी ली जा रही है। राहत और बचाव अभियान के बीच मृतकों की संख्या सात पहुंच चुकी है, जबकि 23 लोगों के अब भी लापता होने की जानकारी है।
यह हादसा मेडिटेरियन सी में हुआ है, जहां समुद्री यात्राओं के दौरान खराब मौसम के कारण जोखिम बना रहता है। हालांकि साइप्रस के पास किसी बड़ी पैसेंजर फेरी के इस तरह पलटने की घटना आम नहीं मानी जाती। फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जांच और लापता यात्रियों की तलाश जारी है।