नक्सल ऑपरेशन में शहीद हुए जाबाज इंस्पेक्टर आशीष शर्मा, डोंगरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में हुआ निधन
राजनांदगांव जिले के बोरतालाब थाना क्षेत्र के कनघुर्रा जंगल में नक्सल ऑपरेशन के दौरान जाबाज इंस्पेक्टर आशीष शर्मा को दोनों तरफ से हुई फायरिंग में गंभीर चोटें आईं। उन्हें डोंगरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने वीरगति प्राप्त की।
UNITED NEWS OF ASIA. अभिषेक नामदेव, राजनांदगां | मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 18 नवंबर की मध्य रात्रि को मध्य प्रदेश पुलिस को राजनांदगांव जिले के बोरतालाब थाना क्षेत्र के कनघुर्रा जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली। रात्रि 2:00 बजे से 4:00 बजे के बीच यह मुठभेड़ शुरू हुई। जाबाज इंस्पेक्टर आशीष शर्मा, जो नक्सल ऑपरेशन के लिए प्रसिद्ध थे, अपनी टीम के साथ जंगल में आगे बढ़कर टीम का नेतृत्व कर रहे थे।
मुठभेड़ के दौरान जंगल के ऊँचे स्थान से फायरिंग हुई, जो सीधे इंस्पेक्टर आशीष शर्मा को लगी। दोनों तरफ से चली फायरिंग में उन्हें गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल डोंगरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने वीरगति प्राप्त की।
इस घटना में उनके साथ छह अन्य जवान भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। शहीद इंस्पेक्टर आशीष शर्मा की बहादुरी और नक्सल ऑपरेशन में उनकी नेतृत्व क्षमता को सभी सुरक्षा बलों ने सराहा। उनके साहस और बलिदान को पुलिस विभाग और पूरे जिले ने श्रद्धांजलि दी है।