डॉ. विजय देवांगन ने बताया कि नया तालाब क्षेत्र के पास स्थित बोरवेल पिछले लगभग एक सप्ताह से खराब पड़ा हुआ है। इसके कारण आसपास निवास करने वाले सैकड़ों परिवारों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोग मजबूरी में दूर-दराज के इलाकों से पानी लाने को विवश हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी का मौसम नजदीक होने के बावजूद पेयजल व्यवस्था का ठप होना आम नागरिकों के स्वास्थ्य और दैनिक जीवन के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा समय रहते बोरवेल की मरम्मत नहीं कराई गई और न ही क्षेत्र में किसी प्रकार की वैकल्पिक जल आपूर्ति की व्यवस्था की गई। यह स्थिति नगर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है। डॉ. देवांगन ने कहा कि पानी जैसी मूलभूत सुविधा के अभाव में आम जनता को इस प्रकार परेशान होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
डॉ. विजय देवांगन ने मांग की कि खराब पड़े बोरवेल को तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने वार्ड में एक स्थायी पानी टंकी की व्यवस्था किए जाने की भी मांग की, जिससे आने वाले समय में जल संकट से स्थायी समाधान मिल सके। उन्होंने नगर निगम आयुक्त एवं जोन प्रशासन से आग्रह किया कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए इस समस्या का शीघ्र निराकरण किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आम आदमी पार्टी स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। पार्टी का उद्देश्य केवल समस्या को उजागर करना नहीं, बल्कि आम जनता को मूलभूत सुविधा दिलाना है।
आज इस संबंध में ज्ञापन सौंपने के दौरान आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयुक्त सचिव सुरेंद्र बिसेन, जिला कोषाध्यक्ष शिव शर्मा, सक्रिय कार्यकर्ता रामदयाल यादव, ब्लॉक अध्यक्ष राकेश साहू, राकेश देवांगन, ईश्वरी राजपूत, ऊषा साहू, सुनीता, भगवती यादव, गणेशिया साहू सहित बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आम आदमी पार्टी रायपुर इकाई ने दोहराया कि वार्ड क्रमांक 15 में व्याप्त जल संकट का शीघ्र समाधान किया जाना अत्यंत आवश्यक है। पार्टी ने नगर निगम से मांग की है कि बोरवेल सुधार कार्य में देरी न करते हुए तुरंत वैकल्पिक जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष न करना पड़े।