विधायक भावना बोहरा ने ₹8.44 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण किया
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने ग्रामीण अधोसंरचना सुदृढ़ करने हेतु ₹8.44 करोड़ लागत के सड़क निर्माण, आंगनबाड़ी और सामुदायिक भवन का भूमिपूजन व लोकार्पण किया।
UNITED NEWS OF ASIA. पंडरिया। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में विकास और अधोसंरचना निर्माण को गति देते हुए विधायक भावना बोहरा ने ₹8 करोड़ 44 लाख 37 हजार की लागत से विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम रैतापारा और कुम्ही में सड़क, आंगनबाड़ी भवन और सामुदायिक भवन की सौगात क्षेत्रवासियों को समर्पित की।
विधायक भावना बोहरा ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत 5 करोड़ 8 लाख 91 हजार रुपये की लागत से ML-05 मेन रोड से रैतापारा तक 7.50 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही 3 करोड़ 13 लाख 77 हजार रुपये की लागत से रेहुंटा से कुम्ही (पंडरिया) तक 4.86 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई। इन परियोजनाओं से पुतकी कला, पलानसरी, रैतापारा, कुम्ही, धोबघट्टी और रेहुंटा सहित आसपास के सैकड़ों ग्रामीणों को पक्की और बारहमासी सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा।
इस दौरान ग्राम कुम्ही में 11 लाख 69 हजार रुपये की लागत से निर्मित आंगनबाड़ी भवन तथा 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी किया गया। विधायक बोहरा ने इन विकास कार्यों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भावना बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नई सड़कों के निर्माण से दूरस्थ गांवों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।
उन्होंने आगे कहा कि आंगनबाड़ी भवन के निर्माण से बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा को मजबूती मिलेगी, जबकि सामुदायिक भवन ग्रामीण सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए उपयोगी साबित होंगे। उन्होंने बताया कि इन विकास कार्यों से पंडरिया और पांडातराई क्षेत्र में ग्रामीण सशक्तिकरण और समावेशी विकास को गति मिलेगी।
विधायक बोहरा ने कहा कि डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है और पंडरिया विधानसभा का कोई भी गांव विकास की मुख्यधारा से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि आने वाले समय में भी केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से गांव-गांव तक विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष नंदिनी साहू, जिला पंचायत सदस्य रामकुमार भट्ट, राजेश्वरी धृतलहरे, जनपद सदस्य सुमन चंद्रवंशी, रानी चंद्रवंशी, रविशंकर चंद्रवंशी, पांडातराई मंडल अध्यक्ष प्रदीपपुरी गोस्वामी, महामंत्री भागीरथी साहू, सरपंच रूखमणी चंद्रवंशी, शेषनारायण चंद्रवंशी, अर्चना चंद्रवंशी, उत्तर देवी साहू, विद्यानंद चंद्रवंशी सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।