देशभर में चोरी करने वाला शातिर नकबजन लोकेश श्रीवास गिरफ्तार, कई राज्यों में करोड़ों की वारदात कबूली
रायपुर पुलिस ने देशभर में ज्वेलरी और दुकानों में करोड़ों की चोरी करने वाले शातिर नकबजन लोकेश श्रीवास को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कई राज्यों में वारदात करना स्वीकार किया है।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर। देश के विभिन्न राज्यों में ज्वेलरी शॉप और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में करोड़ों रुपये की चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर नकबजन लोकेश श्रीवास उर्फ गोलू को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ आंध्रप्रदेश, उड़ीसा, दिल्ली सहित छत्तीसगढ़ के कई जिलों में चोरी के मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी लोकेश श्रीवास, निवासी कैलाश नगर थाना कोतवाली जिला कबीरधाम, बिलासपुर जेल से रिहा होने के अगले ही दिन रायपुर के सिविल लाइन और मौदहापारा क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। आरोपी ने दुकानों की छत तोड़कर चोरी करने का तरीका अपनाया था।
प्रार्थी शिव कुमार वर्मा ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी ‘लब-डब’ नामक कपड़े की दुकान में 31 जनवरी और 1 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात आरोपी ने छप्पर तोड़कर लगभग 2.75 लाख रुपये नगदी चोरी कर ली। इसी दौरान पास स्थित नोवा फर्नीचर दुकान से करीब 1.40 लाख रुपये और डिजाइनर सेनिटेशन एवं हार्डवेयर दुकान से लगभग 2.85 लाख रुपये चोरी किए गए। इस प्रकार आरोपी तीन दुकानों से कुल 7 लाख रुपये की चोरी कर फरार हो गया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटना स्थलों का निरीक्षण कर आसपास लगे हजारों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर हाल ही में जेल से रिहा हुए आरोपियों की जानकारी जुटाई गई। तकनीकी विश्लेषण और डेटा बेस मिलान के आधार पर आरोपी की पहचान लोकेश श्रीवास के रूप में हुई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने रायपुर के अलावा मौदहापारा क्षेत्र में स्थित जया ऑटो मोबाइल दुकान में भी छत तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया है। आरोपी के कब्जे से 79,500 रुपये नगदी और दो मोबाइल फोन सहित लगभग एक लाख रुपये मूल्य का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लोकेश श्रीवास पहले भी कई हाई प्रोफाइल चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। आरोपी ने आंध्रप्रदेश के विजयनगर में ज्वेलरी दुकान से लगभग 6 किलो सोने के आभूषण, उड़ीसा में 500 ग्राम सोना, दिल्ली में करीब 18.5 किलो सोने के जेवरात चोरी किए थे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर में भी ज्वेलरी दुकानों और शोरूम में करोड़ों रुपये की चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अब तक देशभर में दो दर्जन से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से अन्य मामलों के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश भी जारी है।