मरवाही के मुख्य बाजार चौक का नामकरण “मोदनसेन जी महाराज चौक” के नाम पर, नगर परिषद ने सर्वसम्मति से पारित किया प्रस्ताव
नगर पंचायत मरवाही परिषद ने हलवाई समाज की वर्षों पुरानी मांग को स्वीकार करते हुए मुख्य बाजार चौक का नामकरण “मोदनसेन जी महाराज चौक” के नाम पर करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। परिषद की सामान्य सभा में प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुआ। इस निर्णय का हलवाई समाज ने स्वागत करते हुए नगर परिषद के प्रति आभार व्यक्त किया है।
UNITED NEWS OF ASIA. मरवाही नगर पंचायत परिषद ने एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए नगर के प्रमुख एवं सबसे व्यस्त मुख्य बाजार चौक का नामकरण “मोदनसेन जी महाराज चौक” के नाम पर करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया है। यह निर्णय परिषद की हाल ही में आयोजित सामान्य सभा की बैठक में लिया गया। विशेष बात यह है कि नगर परिषद द्वारा किसी चौक के नामकरण का यह पहला प्रस्ताव है, जिसे सभी पार्षदों की सहमति से मंजूरी मिली।
यह मांग लंबे समय से हलवाई समाज द्वारा उठाई जा रही थी। समाज के लोगों का मानना था कि मोदनसेन जी महाराज हलवाई समाज के उत्पत्तिकर्ता एवं प्रेरणास्रोत हैं, जिनके नाम पर किसी सार्वजनिक स्थल का नामकरण समाज के सम्मान और पहचान को नई दिशा देगा। परिषद द्वारा इस मांग को स्वीकार किए जाने के बाद समाज में खुशी का माहौल है।
नगर पंचायत अध्यक्ष मधु बाबा गुप्ता ने कहा कि हलवाई समाज का मरवाही के व्यापारिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। समाज के लोगों ने वर्षों से नगर के विकास में सक्रिय भूमिका निभाई है और जनसेवा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि परिषद का यह निर्णय समाज के प्रति सम्मान और नगर की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने यह भी कहा कि लगभग एक सदी से हलवाई समाज मरवाही के विकास में निस्वार्थ भाव से योगदान देता आ रहा है। ऐसे में समाज के प्रेरणास्रोत मोदनसेन जी महाराज के नाम पर चौक का नामकरण किया जाना न केवल समाज के लिए सम्मान की बात है, बल्कि नगर की सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूत करेगा।
इस ऐतिहासिक निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश हलवाई समाज के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र गुप्ता (स्वीट इंडिया) ने नगर पंचायत अध्यक्ष और परिषद के सभी पार्षदों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय समाज के सम्मान और गौरव से जुड़ा हुआ है तथा आने वाली पीढ़ियों को अपनी सामाजिक विरासत से जोड़ने में सहायक सिद्ध होगा।
निर्णय के उपलक्ष्य में हलवाई समाज मरवाही की ओर से नगर पंचायत अध्यक्ष मधु बाबा गुप्ता तथा परिषद के सभी पार्षदों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर विजय हलवाई, चमन कुमार हलवाई, आशीष हलवाई, अंशु हलवाई, रवि हलवाई, सार्थक हलवाई, सरोज हलवाई, छाया हलवाई, पूजा हलवाई और गीता हलवाई सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
हलवाई समाज मरवाही ने नगर परिषद के इस निर्णय को समाज की पहचान, सम्मान और गौरव से जुड़ा ऐतिहासिक कदम बताते हुए परिषद के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है। समाज के प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार सभी समाजों के सम्मान और विकास से जुड़े निर्णय लिए जाते रहेंगे।