मनेन्द्रगढ़ में नशीले इंजेक्शन बेचने वाला मेडिकल स्टोर संचालक गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत भेजा गया जेल

मनेन्द्रगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस ने नशीले इंजेक्शन के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मेडिकल स्टोर संचालक विकास कुमार द्विवेदी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार था। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

Aug 2, 2026 - 10:51
 0  6
मनेन्द्रगढ़ में नशीले इंजेक्शन बेचने वाला मेडिकल स्टोर संचालक गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत भेजा गया जेल

UNITED NEWS OF ASIA. जमील अंसारी, कोरिया l मनेन्द्रगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस ने नशीले इंजेक्शन के अवैध कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए मेडिकल स्टोर संचालक विकास कुमार द्विवेदी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में "नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस" अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस लगातार नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर निगरानी रख रही है।

पुलिस के अनुसार, 12 जनवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक के कब्जे से 46 प्रतिबंधित Buprenorphine इंजेक्शन और 19 Avil (Pheniramine) इंजेक्शन बरामद किए थे। बालक के पास इन इंजेक्शनों के भंडारण या बिक्री का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने करीब 60 हजार रुपये मूल्य के इंजेक्शन जब्त करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के तहत मामला दर्ज किया था।

मामले की विवेचना के दौरान पूछताछ और मेमोरेंडम कथन में यह सामने आया कि जब्त किए गए नशीले इंजेक्शन मेडिकल स्टोर संचालक विकास कुमार द्विवेदी से लाए जाते थे। जांच में आरोपी की संलिप्तता की पुष्टि होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। आरोपी विकास कुमार द्विवेदी, पिता रावेंद्र द्विवेदी, उम्र 26 वर्ष, मूल निवासी पटेहरा खुर्द, जिला सीधी तथा वर्तमान में मेन मार्केट, पुलिस चौकी निवास क्षेत्र, थाना सरई, जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश) में रह रहा था और घटना के बाद से फरार चल रहा था।

लगातार पतासाजी और तकनीकी जांच के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने 1 अगस्त 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री और सेवन को बढ़ावा देने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

इस कार्रवाई में निरीक्षक विवेक पाटले, एएसआई पाण्डेय, प्रधान आरक्षक प्रिंस, प्रधान आरक्षक सुनील तथा आरक्षक आजाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।