कटहल के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था 125 किलो गांजा, महासमुंद पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा
महासमुंद जिले के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कटहल की आड़ में तस्करी कर ले जाए जा रहे 125.700 किलोग्राम गांजा को जब्त किया है। मामले में उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 70.93 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
UNITED NEWS OF ASIA. जगदीश पटेल, सरायपाली l महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के रेहटीखोल चेक पोस्ट पर एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कटहल के नीचे छिपाकर ले जाए जा रहे 125.700 किलोग्राम गांजा को जब्त किया गया है। इस मामले में उत्तर प्रदेश के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा, वाहन और मोबाइल समेत करीब 70.93 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ओडिशा राज्य से लगे अंतरराज्यीय क्षेत्रों और अंदरूनी मार्गों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन क्रमांक UP-70 LT 0860 में दो व्यक्ति कटहल के नीचे गांजा छिपाकर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही रेहटीखोल चेक पोस्ट पर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई। कुछ ही देर बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए और नंबर का वाहन वहां पहुंचा। पुलिस ने वाहन को रोककर उसमें सवार व्यक्तियों से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम धीरेंद्र कुमार गौतम निवासी करछना, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) तथा दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम लवकुश गौतम निवासी बारा, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को कटहल की खेप के नीचे चार प्लास्टिक बोरियों में छिपाकर रखा गया 125.700 किलोग्राम गांजा मिला। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से लाया गया था और इसे प्रयागराज में खपाने की योजना थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 125.700 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 62.85 लाख रुपये है, जब्त कर लिया। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त टाटा माजदा वाहन जिसकी कीमत लगभग 8 लाख रुपये और एक मोबाइल फोन जिसकी कीमत 8 हजार रुपये है, भी जब्त किया गया। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य करीब 70.93 लाख रुपये आंका गया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य संभावित सदस्यों, गांजा के स्रोत और वितरण तंत्र की भी जांच कर रही है।
महासमुंद पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की सतर्कता एवं सटीक सूचना के आधार पर संभव हो सकी।