जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के रामपुर कालाहांडी से एक मोटरसाइकिल के जरिए गांजा छत्तीसगढ़ लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कोमाखान थाना क्षेत्र के टेमरी जांच नाका में घेराबंदी की। इस दौरान लाल रंग की अपाचे मोटरसाइकिल (क्रमांक OD 08 G 1028) को रोका गया।
वाहन में सवार दोनों संदिग्धों से पूछताछ करने पर उन्होंने गांजा परिवहन करने की बात स्वीकार की। इसके बाद तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 6.090 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयधर महानंद उर्फ सोनू (23 वर्ष) और हेमंत महानंद (28 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी ओडिशा राज्य के कालाहांडी जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी गांजा को छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पाटन क्षेत्र में खपाने की योजना बना रहे थे।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा के अलावा एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन सहित कुल 3 लाख 71 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20(B)(ii)(B) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को विशेष रूप से “इंटर टू इंटर इन्वेस्टिगेशन” और “फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन” के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क को तोड़ा जा सके।
पिछले तीन महीनों में महासमुंद पुलिस ने 80 मामलों में कुल 5769.561 किलोग्राम गांजा जब्त किया है और 209 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 51 आरोपी छत्तीसगढ़ के हैं, जबकि 158 अन्य राज्यों से जुड़े हुए हैं। यह आंकड़े जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की सक्रियता को दर्शाते हैं।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस तरह की अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी हालत में नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।