भाजपा नेता पर अफीम की खेती का आरोप, सरकार नशे को दे रही संरक्षण: डॉ. लक्ष्मी ध्रुव
डॉ. लक्ष्मी ध्रुव ने आरोप लगाया है कि छत्तीसगढ़ में भाजपा नेता द्वारा अफीम की खेती की जा रही है और सरकार नशे के कारोबार को रोकने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि दुर्ग जिले के समोदा गांव में 7 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती का मामला सामने आना गंभीर और शर्मनाक है।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, नगरी। डॉ. लक्ष्मी ध्रुव ने छत्तीसगढ़ में कथित रूप से अफीम की खेती के मामले को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय शराबबंदी और नशामुक्त प्रदेश की बात करने वाली भाजपा सत्ता में आने के बाद इस मुद्दे पर चुप्पी साध लेती है और नशे के कारोबार को संरक्षण दे रही है।
डॉ. लक्ष्मी ध्रुव ने आरोप लगाया कि समोदा गांव में एक भाजपा नेता द्वारा करीब 7 एकड़ कृषि भूमि में अफीम की खेती की जा रही है। उनका कहना है कि राजधानी के नजदीक इस तरह की गतिविधि सामने आना सरकार के लिए बेहद शर्मनाक है और यह प्रशासनिक तंत्र पर भी सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विधानसभा चुनाव के दौरान हर मंच से “नशामुक्त छत्तीसगढ़” का वादा करती रही, लेकिन अब तक नशे के खिलाफ कोई ठोस कानून या प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। इसके उलट राज्य में नए शराब दुकानों को खोलने के फैसले लिए जा रहे हैं, जिससे समाज में नशे की समस्या और गंभीर होती जा रही है।
डॉ. ध्रुव ने यह भी कहा कि प्रदेश में अन्य राज्यों से गांजा तस्करी के कई मामले सामने आ रहे हैं, जिनकी कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। उनका आरोप है कि सूखे नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, जिससे युवा पीढ़ी अपराध और नशे की दलदल में फंसती जा रही है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे शांत प्रदेश में भाजपा से जुड़े लोगों पर अफीम की खेती जैसे आरोप सामने आना चिंताजनक है। यदि यह मामला सही है तो यह एक दिन में संभव नहीं हुआ होगा, ऐसे में सवाल उठता है कि क्या स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को इसकी जानकारी नहीं थी।
डॉ. लक्ष्मी ध्रुव ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस विषय में स्पष्ट स्थिति सामने रखनी चाहिए ताकि प्रदेश की जनता का भरोसा कायम रह सके।