दुर्ग में श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ, विधायक ललित चंद्राकर ने जलाए 650 दीप
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान के तहत दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने रुआबांधा स्थित शिव मंदिर में 650 दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान सामाजिक समरसता, समानता और संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. रोहितास सिंह भुवाल, दुर्ग lभारतीय जनता पार्टी द्वारा गुरु पूर्णिमा से संत रविदास जयंती तक चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान के तहत दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने रुआबांधा स्थित शिव मंदिर में 650 दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का स्थानीय शुभारंभ किया। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता और संत रविदास के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह अभियान 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशभर में संचालित किया जाएगा। अभियान का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित सीर गोवर्धनपुर में संत रविदास की जन्मस्थली से किया गया, जहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित रहे। अभियान के अंतर्गत जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी को कलशों में भरकर देश के विभिन्न राज्यों तक पहुंचाया जाएगा।
भाजपा के अनुसार अभियान के दौरान देशभर में समरसता सभाएं, पदयात्राएं, सामाजिक संवाद और संत रविदास के जीवन एवं विचारों पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य समाज में समानता, भाईचारा और सामाजिक समरसता के मूल्यों को मजबूत करना है।
इसी क्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने भाजपा रिसाली मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ रुआबांधा स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की और 650 दीप प्रज्ज्वलित किए। मंदिर परिसर को दीपों से सजाकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि संत रविदास ने अपने पूरे जीवन में समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संत रविदास का संदेश आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी है और यह अभियान उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार "सबका साथ, सबका विकास" की भावना के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि दीप प्रज्ज्वलित करना केवल प्रकाश का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज में व्याप्त भेदभाव और विषमता को समाप्त कर समरसता का प्रकाश फैलाने का संकल्प भी है।
कार्यक्रम में रिसाली मंडल अध्यक्ष अनुपम साहू, मरोदा पुरैना मंडल अध्यक्ष राजू जंघेल, जिला उपाध्यक्ष शिवेंद्र परिहार, नेता प्रतिपक्ष शैलेन्द्र साहू, वार्ड पार्षद शिला नारखेड़े, दशरथ साहू, गुड्डु झा, शैलेन्द्र शेंडे सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिला मोर्चा की कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
नोट: यह समाचार भारतीय जनता पार्टी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है। इसमें व्यक्त विचार और बयान संबंधित वक्ताओं के हैं।