लैलूंगा में अवैध अफीम पर बड़ी कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार, 61 किलो से अधिक मादक पदार्थ जब्त

रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र में अवैध अफीम खेती के खिलाफ प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। 61 किलो से अधिक अफीम व संबंधित सामग्री जब्त की गई है।

Mar 25, 2026 - 11:50
 0  25
लैलूंगा में अवैध अफीम पर बड़ी कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार, 61 किलो से अधिक मादक पदार्थ जब्त

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर | जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लैलूंगा क्षेत्र में अवैध अफीम खेती पर प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लैलूंगा के ग्राम नवीन घटगांव और मुड़ागांव में की गई इस कार्रवाई में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और 61 किलो से अधिक अफीम व संबंधित सामग्री जब्त की गई है।

राज्य शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन, पुलिस, कृषि विभाग, आबकारी, एफएसएल और एएनटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा तमनार क्षेत्र से लेकर लैलूंगा तक व्यापक अभियान चलाया गया। इससे पहले आमाघाट में छापेमारी कर करीब 60,326 अफीम के पौधे और 3 किलो तैयार अफीम बरामद की गई थी, जिसमें मार्शल संगा और एमानुएल भेंगरा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

इसके बाद शुरू किए गए सघन फिजिकल और ड्रोन सर्वे के दौरान 23 मार्च को नवीन घटगांव में सादराम नागवंशी (60 वर्ष) के खेत में अवैध अफीम की खेती पाई गई। उसके कब्जे से 6.100 किलोग्राम सूखे पत्ते और 16 किलोग्राम डंठल जब्त किए गए। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 (बी), 18 के तहत अपराध दर्ज किया गया।

इसी गांव में अभिमन्यु नागवंशी (20 वर्ष) के घर से 14 किलोग्राम अफीम की सूखी फसल बरामद की गई। पुलिस टीम के पहुंचते ही आरोपी साक्ष्य नष्ट करने की कोशिश कर रहा था, जिसे विफल करते हुए सामग्री जब्त की गई और मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वहीं, मुड़ागांव में आरोपी तानसिंह नागवंशी (32 वर्ष) द्वारा अवैध अफीम पोस्त की खेती किए जाने का मामला सामने आया। आरोपी ने फसल को काटकर प्लास्टिक बोरे में छिपा रखा था। पुलिस ने करीब 4 किलो अफीम पोस्त जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की।

तीनों मामलों में कुल मिलाकर 61 किलो से अधिक अफीम और संबंधित सामग्री जब्त की गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

ड्रोन तकनीक के उपयोग से दुर्गम क्षेत्रों में भी निगरानी मजबूत हुई है, जिससे अवैध गतिविधियों पर तेजी से कार्रवाई संभव हो रही है। लगातार हो रही कार्रवाई से मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल है।

इस मामले में शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती, भंडारण और क्रय-विक्रय पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।