चाकू मारकर मोबाइल लूटने वाले दो आरोपी घंटों में गिरफ्तार, हथियार और मोबाइल बरामद
रायपुर के खमतराई क्षेत्र में चाकू मारकर मोबाइल लूट की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से लूटा गया मोबाइल और चाकू भी बरामद किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अखतर, रायपुर। राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र में चाकू मारकर मोबाइल लूट की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों में ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 23 मार्च 2026 की रात करीब 11:05 बजे की है। प्रार्थी दुर्गेश यादव, जो कि मध्यप्रदेश के शहडोल जिले का निवासी है और बिलासपुर में ट्रक ड्राइवर के रूप में कार्यरत है, रायपुर के रावांभाठा क्षेत्र में स्थित शेर-ए-पंजाब ढाबा के पास अपना ट्रक खड़ा कर खाना खाने गया था।
खाना खाने के बाद जब वह पैदल लौट रहा था और मोबाइल पर बात कर रहा था, तभी पीछे से दो युवक आए और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके बाएं पीठ और पेट पर चाकू से हमला किया और उसका मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट थाना खमतराई में दर्ज होते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान मेंटल उर्फ धनेश टंडन और आटो उर्फ टिकेश्वर निषाद के रूप में की गई।
इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक बटनदार चाकू और एक लोहे का चाकू जब्त किया, साथ ही लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में धनेश टंडन उर्फ मेंटल (20 वर्ष), निवासी प्रेम नगर रावांभाठा तथा टिकेश्वर निषाद उर्फ आटो (20 वर्ष), निवासी ग्राम धनेली थाना धरसींवा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पहले भी मारपीट और अन्य मामलों में जेल जा चुके हैं।
मामले में थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 178/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।