इस सड़क का डामरीकरण लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांगों में शामिल था। खराब सड़क और धूल-कीचड़ की समस्या के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब इस कार्य की स्वीकृति मिलने से स्थानीय नागरिकों में खुशी का माहौल है और उन्हें जल्द ही बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि मंत्री देवांगन लगातार कोरबा नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत हैं। उनके नेतृत्व में शहर के प्रमुख मार्गों के साथ-साथ आंतरिक सड़कों के डामरीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हाल ही में कोरबा नगर क्षेत्र की चार प्रमुख सड़कों के डामरीकरण के लिए लगभग 6 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी राज्य शासन से प्राप्त हुई थी।
इस विशेष सड़क निर्माण कार्य के लिए पिछले महीने मंत्री लखन लाल देवांगन ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) प्रबंधन को पत्र लिखकर पं. रविशंकर शुक्ल नगर स्थित श्री मेडिको से दादरखुर्द नाला कलवर्ट (हनुमान मंदिर के पास) तक सड़क डामरीकरण की स्वीकृति शीघ्र देने का आग्रह किया था। मंत्री के इस प्रयास पर संज्ञान लेते हुए SECL के वरिष्ठ अधिकारियों ने बुधवार को इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए 99.78 लाख रुपये की स्वीकृति जारी कर दी।
इस सड़क के निर्माण से आरएसएस नगर, दादर खुर्द, मानिकपुर, खरमोरा सहित कई क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इन इलाकों के हजारों नागरिकों को बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी, जिससे दैनिक जीवन आसान हो जाएगा। साथ ही, व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।
इस स्वीकृति के बाद मंत्री लखन लाल देवांगन ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय कोयला मंत्री किशन रेड्डी का विशेष आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से कोरबा में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है।
मंत्री देवांगन ने यह भी कहा कि आने वाले समय में शहर के अन्य महत्वपूर्ण मार्गों और वार्डों में भी सड़क डामरीकरण और निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उनका लक्ष्य कोरबा को एक विकसित और सुगम यातायात व्यवस्था वाला शहर बनाना है।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इसी तरह विकास कार्यों की निरंतरता बनी रहेगी। फिलहाल, इस सड़क निर्माण कार्य के जल्द शुरू होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत मिलेगी।