तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी को मारी टक्कर, भाई-बहन की मौत, एक नाबालिग गंभीर
कोरबा जिले के पोड़ी बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में सगे भाई-बहन की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक अन्य नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम किया, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल सहायता राशि देकर स्थिति सामान्य कराई।
UNITED NEWS OF ASIA. कोरबा। जिले के बांगो थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की जान चली गई, जबकि एक अन्य नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा पोड़ी बस स्टैंड के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने बांगो-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, कोनकोना बस्ती के गोस्वामी पारा निवासी 13 वर्षीय बूटी गोस्वामी, 12 वर्षीय दशरथ गोस्वामी और एक अन्य नाबालिग विक्की स्कूटी से सामान खरीदने के लिए पोड़ी बस स्टैंड पहुंचे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक टैंकर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बूटी गोस्वामी और दशरथ गोस्वामी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया।