कवर्धा के पहले टीवी न्यूज़ चैनल UNA के छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश मुख्यालय का हुआ भव्य उद्घाटन
जिले के मीडिया जगत के लिए एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में कवर्धा जिले के पहले टीवी न्यूज़ चैनल UNA (यूनाइटेड न्यूज़ ऑफ एशिया) के छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश मुख्यालय का भव्य उद्घाटन संपन्न हुआ।
राजनांदगाव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पाण्डेय एवं उत्कृष्ट विधायक पंडरिया भावना बोहरा के करकमलों से मुख्यालय का शुभारम्भ किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका कवर्धा के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, भाजयुमो के जिला अध्यक्ष उमंग पांडे, पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल सहित जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ पत्रकारों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने UNA की इस नई पहल को क्षेत्र की पत्रकारिता के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यालय के उद्घाटन अवसर पर सांसद संतोष पाण्डेय ने UNA के संस्थापक और समस्त संस्था को बधाई प्रेषित करते हुए कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। समाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित के मुद्दों को सामने लाने में मीडिया की जिम्मेदारी सबसे अधिक होती है। ऐसे समय में जब सूचना के अनेक माध्यम उपलब्ध हैं, तब निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता की आवश्यकता और भी बढ़ जाती है।
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने विश्वास व्यक्त किया कि UNA अपने पत्रकारिता मूल्यों, निष्पक्षता और विश्वसनीयता के बल पर प्रदेश ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी एक अलग पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि समाचार माध्यमों का उद्देश्य केवल खबरें प्रसारित करना नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करना, सकारात्मक बदलाव को बढ़ावा देना और आम जनता की आवाज़ को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना भी है।
कार्यक्रम में मौजूद सहकर्मी पत्रकारों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने UNA परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए इसे क्षेत्रीय पत्रकारिता के लिए एक नई शुरुआत बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि चैनल जनहित, विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा।
इस अवसर पर UNA के संस्थापक एवं सीएमडी सौरभ संतोष नामदेव ने सभी अतिथियों, पत्रकार साथियों, सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि UNA का उद्देश्य निष्पक्ष, निर्भीक और जनपक्षीय पत्रकारिता को आगे बढ़ाना है। चैनल सत्य, तथ्य और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आम जनता की आवाज़ बनने का प्रयास करेगा।
उन्होंने कहा कि भविष्य में UNA आधुनिक तकनीक, अनुभवी पत्रकारों और मजबूत समाचार नेटवर्क के माध्यम से छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश सहित देशभर की महत्वपूर्ण खबरों को लोगों तक पहुंचाने का कार्य करेगा। साथ ही युवाओं को पत्रकारिता के क्षेत्र में अवसर प्रदान करने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने के लिए भी प्रतिबद्ध रहेगा।
कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने UNA के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहितैषी पत्रकारिता का सशक्त मंच बनने की शुभकामनाएं दीं।