नई कलेक्टर से मिली गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, चिरमिरी की समस्याओं और रोजगार को लेकर सौंपा ज्ञापन

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने एमसीबी जिले की नई कलेक्टर का स्वागत कर चिरमिरी की विभिन्न जनसमस्याओं और रोजगार के मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

May 31, 2026 - 11:46
 0  17
नई कलेक्टर से मिली गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, चिरमिरी की समस्याओं और रोजगार को लेकर सौंपा ज्ञापन

UNITED NEWS OF ASIA. जमील अंसारी, एमसीबी/चिरमिरी। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने जिले की नवपदस्थ कलेक्टर का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास संबंधी मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

इस अवसर पर पार्टी की ओर से जिला महासचिव एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी शेख इस्माइल, प्रदेश प्रचार मंत्री शशि राज सिंह, जिला सोशल मीडिया प्रभारी चिंटू जैन, नगर महामंत्री भास्कर तथा चिरमिरी नगर महासचिव नंद कुमार आयाम उपस्थित रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर के समक्ष चिरमिरी नगर निगम कर्मचारियों के लंबित वेतन, नागपुर-चिरमिरी सड़क चौड़ीकरण कार्य में कथित अनियमितताओं, साजा पहाड़-चैनपुर मार्ग निर्माण में देरी, शहर में पेयजल संकट, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों और नए परिसीमन में चिरमिरी के नाम से लोकसभा एवं विधानसभा क्षेत्र के निर्धारण जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

इसके अलावा प्रतिनिधियों ने नए संभाग के गठन की स्थिति में संभागीय कार्यालय चिरमिरी में स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा। आधार कार्ड में जिले का नाम संशोधित कराने के लिए च्वाइस सेंटरों द्वारा कथित रूप से अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने और चिरमिरी तहसील बनने के वर्षों बाद भी कई शासकीय दस्तावेजों में चिरमिरी का नाम दर्ज नहीं होने की समस्या से भी अवगत कराया गया।

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पदाधिकारियों ने जिले और चिरमिरी क्षेत्र में रोजगार शिविर आयोजित कराने की मांग भी की, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।

कलेक्टर ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा और लोगों को इसका लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

पार्टी पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि नई कलेक्टर के नेतृत्व में जिले की लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल देखने को मिलेगी।