कबीरधाम पुलिस की होटल-ढाबों पर सरप्राइज चेकिंग, अवैध शराब परोसने वालों पर कार्रवाई

कबीरधाम पुलिस ने होटल, ढाबों और रेस्टोरेंटों में सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाकर अवैध रूप से शराब परोसने वाले संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान एक स्कूटी से प्लेन देशी शराब भी जब्त की गई। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए अभियान जारी रखने की बात कही।

Jul 6, 2026 - 14:31
 0  3
कबीरधाम पुलिस की होटल-ढाबों पर सरप्राइज चेकिंग, अवैध शराब परोसने वालों पर कार्रवाई

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने होटल, ढाबों और रेस्टोरेंटों में व्यापक सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल और अमित पटेल के मार्गदर्शन में संचालित इस विशेष अभियान के दौरान कई स्थानों पर नियमों का उल्लंघन करते हुए ग्राहकों को अवैध रूप से शराब परोसते पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

एसडीओपी कवर्धा आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में कोतवाली थाना, एएनटीएफ और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कवर्धा शहर के नवीन बाजार, नया बस स्टैंड, राजनांदगांव बायपास सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्थित होटल, ढाबा और रेस्टोरेंटों की सघन जांच की। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर आकस्मिक निरीक्षण किया और होटल संचालकों द्वारा नियमों के पालन की स्थिति का जायजा लिया।

जांच के दौरान कई होटल और ढाबा संचालकों को ग्राहकों को बैठाकर अवैध रूप से शराब परोसते हुए पाया गया। पुलिस ने मौके पर ही संबंधित संचालकों को हिरासत में लेकर थाना पहुंचाया और उनके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति शराब परोसना कानून का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली। एक होटल संचालक की स्कूटी की तलाशी लेने पर उसमें प्लेन देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही शराब जब्त कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

एसडीओपी आशीष शुक्ला ने बताया कि जिले में सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से शराब बिक्री, शराब पिलाने और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों को चेतावनी दी कि वे निर्धारित नियमों का पूर्ण पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं अवैध रूप से शराब बिक्री, शराब पिलाने या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

कबीरधाम पुलिस का कहना है कि जिलेभर में इस प्रकार के आकस्मिक निरीक्षण और विशेष अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि कानून-व्यवस्था मजबूत रहे और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।