विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से वनांचल के 115 आदिवासी लोगों की घर वापसी, पैर पखारकर किया स्वागत

पंडरिया विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में वनांचल क्षेत्र के 115 आदिवासी लोगों ने अपने मूल धर्म में वापसी कर अपनी सांस्कृतिक जड़ों से पुनः जुड़ाव स्थापित किया। विधायक बोहरा ने घर वापसी कार्यक्रम में पैर पखारकर स्वागत किया और कहा कि यह भारतीय अस्मिता व आदिवासी संस्कृति की रक्षा का संकल्प है।

Nov 11, 2025 - 18:38
 0  21
विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से वनांचल के 115 आदिवासी लोगों की घर वापसी, पैर पखारकर किया स्वागत

UNITED NEWS OF ASIA. पंडरिया (कबीरधाम)। विधायक भावना बोहरा के सतत प्रयासों से पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्र में निवासरत आदिवासी समाज के 115 लोगों ने अपने मूल धर्म में वापसी कर एक नई सामाजिक चेतना का संचार किया। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, ग्राम नेऊर में आयोजित “जनजाति गौरव सम्मान एवं अभिनंदन समारोह” में विधायक बोहरा ने घर वापसी करने वाले सभी परिवारों का पैर पखारकर स्वागत और अभिनंदन किया।

 

इस अवसर पर विधायक बोहरा ने कहा कि आदिवासी समाज भारतीय संस्कृति का जीवंत प्रतीक है, जिसकी परंपरा, पूजा-पद्धति और जीवनशैली प्रकृति से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि घर वापसी केवल धार्मिक नहीं, बल्कि “भारतीय अस्मिता और सांस्कृतिक स्वाभिमान की रक्षा का संकल्प” है। उन्होंने धर्मांतरण को सामाजिक असंतुलन की जड़ बताते हुए कहा कि कुछ लोग प्रलोभन देकर भोले-भाले आदिवासियों को भटका रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार उनके इन मंसूबों को कभी सफल नहीं होने देगी।

 

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में जनजाति कल्याण के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। पीएम जन-मन योजना के माध्यम से आदिवासी अंचलों में सड़क, बिजली, आवास और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएँ पहुँचाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्रों में अब तक 3000 से अधिक प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं और 100 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण जारी है।

 

विधायक बोहरा ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ की आदिवासी संस्कृति जल, जंगल और जमीन की रक्षा का प्रतीक है, जिसे संरक्षित रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने नवा रायपुर में प्रधानमंत्री द्वारा लोकार्पित शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय को आदिवासी अस्मिता के सम्मान का प्रतीक बताया।

 

इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी हरीश लुनिया ने विधायक भावना बोहरा के जनजाति उत्थान के प्रयासों की सराहना की, वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष राजेन्द्र चंद्रवंशी ने इस पहल को आदिवासी समाज के पुनर्जागरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।

 

कार्यक्रम में बैगा जनजाति समाज के वरिष्ठजन, भाजपा के मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
यह आयोजन पंडरिया विधानसभा में जनजातीय अस्मिता, आस्था और एकता के प्रतीक के रूप में यादगार बन गया।