भारी बारिश के अलर्ट पर बेमेतरा प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
बेमेतरा जिले में लगातार बारिश और मौसम विभाग के भारी वर्षा अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देश पर सभी विभागों को सक्रिय कर दिया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ा दी गई है और नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l बेमेतरा जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। संभावित आपदा की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देश पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को सक्रिय कर दिया गया है। जिले के सभी अनुविभागों, विकासखंडों, नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकारियों एवं मैदानी अमले को लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।