सहसपुर लोहारा में जिला पंचायत सीईओ ने परखी स्वच्छता व्यवस्था, गोबर गैस प्लांटों का किया निरीक्षण

कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के क्रियान्वयन का निरीक्षण किया। उन्होंने गोबर गैस प्लांट, कचरा प्रबंधन व्यवस्था और स्वच्छता अभियान की समीक्षा करते हुए ग्राम पंचायतों को समयबद्ध कार्रवाई और जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।

Jul 4, 2026 - 16:46
 0  2
सहसपुर लोहारा में जिला पंचायत सीईओ ने परखी स्वच्छता व्यवस्था, गोबर गैस प्लांटों का किया निरीक्षण

UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम l कबीरधाम जिले में स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने सहसपुर लोहारा विकासखंड के विभिन्न ग्राम पंचायतों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के जमीनी क्रियान्वयन की समीक्षा की और ग्राम पंचायतों में स्थापित गोबर गैस प्लांटों का अवलोकन कर वेस्ट टू एनर्जी मॉडल की प्रगति का आकलन किया।

दौरे के दौरान उन्होंने बिरेंद्रनगर और कुटकीपारा सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में संचालित कचरा संग्रहण व्यवस्था, प्लास्टिक यूनिट, फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट तथा सामुदायिक गोबर गैस प्लांटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में गीले और सूखे कचरे का पृथक संग्रहण संतोषजनक पाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि स्वच्छता दीदियां नियमित रूप से घर-घर जाकर कचरा एकत्र कर रही हैं, जिससे गांवों में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर हुई है।

निरीक्षण के दौरान अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि गोबर गैस प्लांट ग्रामीण क्षेत्रों में प्राकृतिक ऊर्जा का महत्वपूर्ण स्रोत बन सकते हैं। उन्होंने ग्राम पंचायतों, स्कूल प्रबंधन और संबंधित हितग्राहियों को प्लांट के लिए नियमित गोबर उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए, ताकि गैस उत्पादन लगातार जारी रह सके। उन्होंने गोबर गैस का उपयोग स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में मध्यान्ह भोजन तथा भोजन निर्माण के लिए करने की बात कही और आवश्यक पाइपलाइन विस्तार के निर्देश भी दिए।

उन्होंने प्लांट से निकलने वाली स्लरी का उपयोग जैविक खाद के रूप में करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे कृषि क्षेत्र को भी लाभ मिलेगा। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में स्वच्छता जागरूकता के लिए दीवार लेखन और वॉल पेंटिंग का कार्य पूरा हो चुका है। "मेरा कचरा, मेरी जिम्मेदारी" जैसे संदेश और चार डिब्बा व्यवस्था के चित्र ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं। इस कार्य के लिए उन्होंने ग्राम पंचायतों, सरपंचों, सचिवों और विभागीय कर्मचारियों की सराहना की।

जिला पंचायत सीईओ ने चार डिब्बा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और स्वच्छता दीदियों के कार्य पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने निर्देश दिए कि 10 जुलाई तक सभी 60 ग्राम पंचायतों में घर-घर कचरा पृथक्करण का सत्यापन पूरा किया जाए। साथ ही 15 जुलाई से शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार खुले में कचरा फेंकने या जलाने वालों के विरुद्ध ग्राम पंचायतों के माध्यम से जुर्माना लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से प्रत्येक परिवार द्वारा यूजर चार्ज जमा करने की अपील भी की। अंत में उन्होंने सरपंचों, सचिवों, स्वच्छता दीदियों और ग्रामवासियों से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ और स्वस्थ गांवों का निर्माण संभव है।