अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने रायपुर में होगा ‘आईएलएस वॉकथॉन 2.0’, 25 अक्टूबर को मरीन ड्राइव पर आयोजन

रायपुर में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आईएलएस हॉस्पिटल द्वारा 25 अक्टूबर 2026 को सुबह 6 बजे मरीन ड्राइव में ‘आईएलएस वॉकथॉन 2.0’ का आयोजन किया जाएगा। ‘चलो साथ चलें, जीवन के लिए चलें’ थीम पर आधारित इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को अंगदान के महत्व की जानकारी देने, भ्रांतियों को दूर करने और जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन देने के लिए अंगदान का संकल्प लेने हेतु प्रेरित किया जाएगा।

Oct 24, 2026 - 12:14
 0  4
अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने रायपुर में होगा ‘आईएलएस वॉकथॉन 2.0’, 25 अक्टूबर को मरीन ड्राइव पर आयोजन

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l अंगदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन देने का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आईएलएस हॉस्पिटल, रायपुर द्वारा ‘आईएलएस वॉकथॉन 2.0’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 25 अक्टूबर 2026 को सुबह 6 बजे मरीन ड्राइव, रायपुर में आयोजित होगा। वॉकथॉन की थीम ‘चलो साथ चलें, जीवन के लिए चलें’ रखी गई है। इसके माध्यम से आम नागरिकों को अंगदान के महत्व के प्रति जागरूक करने और इस जीवनदायी अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

आईएलएस हॉस्पिटल की 26 वर्षों की सेवा यात्रा कुशल डॉक्टरों, समर्पित नर्सिंग स्टाफ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इसी जीवन-संरक्षण की भावना को आगे बढ़ाते हुए अस्पताल ने अंगदान जागरूकता के लिए इस पहल की शुरुआत की है। आयोजन का उद्देश्य समाज में अंगदान को लेकर सकारात्मक सोच विकसित करना और जरूरतमंद मरीजों के जीवन में नई उम्मीद जगाने का संदेश देना है।

वॉकथॉन के संबंध में 23 अक्टूबर 2026 को पचपेड़ी नाका स्थित आईएलएस हॉस्पिटल के छठे तल पर बने कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें आईएलएस हॉस्पिटल ग्रुप के ग्रुप सीओओ डॉ. विशाल गोयल, सीओओ डॉ. सौरभ चोरड़िया, क्लिनिकल लीड डॉ. प्रवाश चौधरी, यूरोलॉजिस्ट एवं ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. हर्ष जैन, कंसल्टेंट गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. हनीश शर्मा, पैंक्रियाटिक सर्जरी एवं लिवर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. हितेश दुबे तथा इंचार्ज-क्रिटिकल केयर डॉ. अभिषेक सिंह उपस्थित रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में वॉकथॉन के उद्देश्यों, तैयारियों, प्रमुख गतिविधियों और सामुदायिक सहभागिता के महत्व की जानकारी साझा की गई।

इस अभियान के माध्यम से आम नागरिकों, विद्यार्थियों, स्वास्थ्यकर्मियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों को अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए एकजुट करने की योजना है। अंगदान जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का अवसर प्रदान कर सकता है, लेकिन जागरूकता की कमी और इससे जुड़ी भ्रांतियों के कारण कई लोग इसके महत्व को पूरी तरह नहीं समझ पाते। ऐसे में इस पहल के जरिए अंगदान से संबंधित सही जानकारी लोगों तक पहुंचाने और गलत धारणाओं को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

‘चलो साथ चलें, जीवन के लिए चलें’ का संदेश केवल एक वॉकथॉन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन बचाने के साझा संकल्प का प्रतीक है। अभियान के माध्यम से लोगों से अपील की जाएगी कि वे स्वयं अंगदान के प्रति जागरूक बनें और अपने परिवार तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके महत्व के बारे में जानकारी दें।

आईएलएस हॉस्पिटल और स्टार हॉस्पिटल की संयुक्त पहल में अनुभवी डॉक्टर एम. श्रीनिवास रेड्डी एवं डॉ. एस. रघुराम रेड्डी के नेतृत्व का भी उल्लेख किया गया है। इस आयोजन का लक्ष्य अंगदान के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना और अधिक से अधिक लोगों को जीवनदायी अभियान से जोड़ना है।