सड़क सुरक्षा जागरूकता में रचनात्मक योगदान देने वालों का सम्मान, जशपुर पुलिस ने रील मेकिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को किया पुरस्कृत
जशपुर पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित रील मेकिंग प्रतियोगिता के द्वितीय चरण के विजेताओं को सम्मानित किया गया। विजेताओं को नगद पुरस्कार, हेलमेट, प्रमाण-पत्र और पेट्रोल प्रदान कर उनके रचनात्मक प्रयासों की सराहना की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. योगेश यादव , जशपुर l सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन, विशेषकर युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस द्वारा आयोजित "सड़क सुरक्षा - जीवन रक्षा" थीम आधारित रील मेकिंग प्रतियोगिता के द्वितीय चरण के विजेताओं को सम्मानित किया गया। पुलिस कार्यालय जशपुर में आयोजित सम्मान समारोह में विजेताओं को नगद पुरस्कार, हेलमेट, प्रमाण-पत्र और पेट्रोल प्रदान कर उनके रचनात्मक प्रयासों की सराहना की गई।
यह प्रतियोगिता डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में चलाए जा रहे हेलमेट और सीट बेल्ट जागरूकता अभियान का हिस्सा है। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाना तथा सुरक्षित यातायात व्यवहार को बढ़ावा देना है। जिलेभर से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने रचनात्मक वीडियो बनाकर सड़क सुरक्षा का संदेश लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया।
रील मेकिंग प्रतियोगिता में विष्णु बागान निवासी शिक्षक सैयद कैसर हुसैन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें 2001 रुपये की नगद पुरस्कार राशि और हेलमेट प्रदान किया गया। द्वितीय स्थान पर मनोज कुशवाहा रहे, जिन्हें 1001 रुपये की नगद राशि और हेलमेट दिया गया। वहीं नवाटोली निवासी अक्षय कुमार यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त करते हुए 501 रुपये की नगद राशि और हेलमेट प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने हेलमेट के उपयोग, सीट बेल्ट की अनिवार्यता और यातायात नियमों के पालन को लेकर प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किए। इन रीलों के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने की प्रेरणा दी गई।
सम्मान समारोह के दौरान विजेताओं ने सड़क सुरक्षा के प्रति अपने विचार और अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। प्रतिभागियों ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग कर सड़क सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन की सुरक्षा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि जशपुर पुलिस सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन का रूप देने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। रील मेकिंग और सेल्फी प्रतियोगिता जैसे नवाचारी प्रयासों से युवा वर्ग बड़ी संख्या में जुड़ रहा है और यातायात नियमों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो रही है।
उन्होंने सभी नागरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, उप पुलिस अधीक्षक के.आर. चौहान, विजेताओं के परिजन और अन्य उपस्थितजन भी शामिल रहे।
जशपुर पुलिस का यह प्रयास सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।