गुरुकुल पब्लिक स्कूल में किड्स कैंप का भव्य समापन, नन्हें बच्चों ने प्रस्तुत की शानदार प्रतिभा

कवर्धा के गुरुकुल पब्लिक स्कूल में आयोजित चार दिवसीय किड्स कैंप का भव्य समापन हुआ, जिसमें करीब 300 बच्चों ने भाग लिया। विभिन्न गतिविधियों और मंचीय प्रस्तुतियों के जरिए बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

Mar 29, 2026 - 13:52
 0  3
गुरुकुल पब्लिक स्कूल में किड्स कैंप का भव्य समापन, नन्हें बच्चों ने प्रस्तुत की शानदार प्रतिभा

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव. कवर्धा।  नगर के प्रतिष्ठित अंग्रेजी माध्यम विद्यालय गुरुकुल पब्लिक स्कूल में 26 मार्च से 29 मार्च 2026 तक आयोजित चार दिवसीय किड्स कैंप का भव्य समापन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी, शाला के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएँ, बड़ी संख्या में नन्हें बच्चे एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।

विद्यालय के मीडिया प्रभारी एवं पीजीटी हिंदी डॉ. विजय कुमार शाही ने जानकारी देते हुए बताया कि इस किड्स कैंप में लगभग 300 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों की आयु के अनुसार उन्हें तीन वर्गों—मिकी (3 से 4 वर्ष), डोनाल्ड (4 से 5 वर्ष) और गुफी वर्ग (5 से 6 वर्ष)—में विभाजित किया गया था, ताकि उनकी उम्र और समझ के अनुसार गतिविधियों का आयोजन किया जा सके।

चार दिनों तक चले इस कैंप में बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विविध प्रकार की रचनात्मक और मनोरंजक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इनमें खेलकूद, नृत्य-संगीत, चित्रकला, पेंटिंग, पपेट शो, पेपर क्राफ्ट, पूल पार्टी, रेन डांस, मूवी थिएटर, लीफ आर्ट और स्टोन आर्ट जैसी गतिविधियाँ शामिल थीं। इन सभी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की छिपी हुई प्रतिभा को उभारने का प्रयास विद्यालय के कुशल एवं प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा किया गया।

कैंप के दौरान बच्चों द्वारा बनाई गई कलात्मक वस्तुओं की एक आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे अभिभावकों और अतिथियों ने खूब सराहा। इस प्रदर्शनी ने बच्चों की रचनात्मकता और सीखने की क्षमता को बखूबी दर्शाया।

समापन समारोह के दौरान बच्चों ने मंच पर अपनी प्रतिभा का मनमोहक प्रदर्शन किया। नन्हें-मुन्ने बच्चों की प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया। उनके आत्मविश्वास और उत्साह को देखकर यह स्पष्ट हुआ कि सही मार्गदर्शन मिलने पर बच्चे कम समय में भी बहुत कुछ सीख सकते हैं।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न वर्गों के प्रतिभावान बच्चों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। मिकी वर्ग से याशिका धुर्वे, अथर्व बोथरा, मानविक श्रीमाल और आदविक जैन, डोनाल्ड वर्ग से अनाया खान, सुनिष्ठा खुंटे, अथर्व गुप्ता और इवनीश कौर छाबड़ा, तथा गुफी वर्ग से अहान पाली, श्रेजल पाली और आदविक देवांगन को पुरस्कृत किया गया।

शाला के प्राचार्य ने सभी पुरस्कृत बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कैंप बच्चों को नई-नई चीजें सीखने के लिए प्रेरित करते हैं और उनकी प्रतिभा को पहचानने में मदद करते हैं।

संस्था के अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों ने इस सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहन मिल सके। यह किड्स कैंप न केवल बच्चों के लिए सीखने का माध्यम बना, बल्कि उनके लिए यादगार अनुभव भी साबित हुआ।