माड़ मैत्री अभियान: पूर्व नक्सल गढ़ गुंडेकोट में पहली बार लगा पशु चिकित्सा शिविर, ग्रामीणों को मिली राहत

नारायणपुर जिले के पूर्व नक्सल प्रभावित ग्राम गुंडेकोट में माड़ मैत्री अभियान के तहत 29वीं वाहिनी आईटीबीपी ने पहली बार पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किया। शिविर में ग्रामीणों के पालतू पशुओं का उपचार, दवाइयों का वितरण और पशुपालन संबंधी जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से भी अवगत कराया गया।

Jul 18, 2026 - 12:45
 0  8
माड़ मैत्री अभियान: पूर्व नक्सल गढ़ गुंडेकोट में पहली बार लगा पशु चिकित्सा शिविर, ग्रामीणों को मिली राहत

UNITED NEWS OF ASIA. संतोष मजुमदार, नारायणपुर l माड़ मैत्री अभियान के तहत पूर्व नक्सल प्रभावित और अति संवेदनशील क्षेत्र ग्राम गुंडेकोट में पहली बार 29वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) द्वारा पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को बेहतर पशु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय समुदाय और सुरक्षा बलों के बीच विश्वास को और मजबूत करना रहा।

आईटीबीपी के अनुसार यह शिविर 29वीं वाहिनी के कमांडेंट अभिषेक सूद के निर्देशन में आयोजित किया गया। वेटरनरी अधिकारी डॉ. पी. ब्रोजेंद्रों सिंह के नेतृत्व में टीम एरिया डॉमिनेशन पेट्रोलिंग के दौरान सीओबी दिवालूर से ग्राम गुंडेकोट पहुंची, जहां ग्रामीणों के पालतू पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में बीमार पशुओं का उपचार करने के साथ-साथ आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण भी किया गया।

पशुपालकों को पशुओं की उचित देखभाल, समय-समय पर टीकाकरण, संक्रामक रोगों की रोकथाम और पशुपालन से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी विशेषज्ञों द्वारा दी गईं। ग्रामीणों ने पहली बार अपने गांव में आयोजित इस प्रकार के शिविर का स्वागत करते हुए इसे उपयोगी पहल बताया।

शिविर के दौरान आईटीबीपी के अधिकारियों और जवानों ने ग्रामीणों के साथ आत्मीय संवाद भी किया। उन्होंने गांव की मूलभूत समस्याओं और आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

कमांडेंट अभिषेक सूद ने बताया कि सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत इस वर्ष ग्राम गुंडेकोट और आसपास के क्षेत्रों में होम सोलर लाइट तथा स्ट्रीट सोलर लाइट का वितरण भी किया जाएगा। उनका कहना है कि इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।

माड़ मैत्री अभियान के अंतर्गत नारायणपुर पुलिस और सुरक्षा बल लगातार नक्सलमुक्त क्षेत्रों में विकास, जनसहभागिता और विश्वास निर्माण के उद्देश्य से विभिन्न सामाजिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों का संचालन कर रहे हैं। स्वास्थ्य शिविर, चिकित्सा सेवाएं, शिक्षा, सौर ऊर्जा और अन्य विकास कार्यों के माध्यम से ग्रामीणों को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

ग्राम गुंडेकोट में आयोजित यह पहला पशु चिकित्सा शिविर स्थानीय ग्रामीणों के लिए राहत लेकर आया है। पशुपालकों को अपने गांव में ही उपचार और विशेषज्ञ सलाह मिलने से समय और संसाधनों की बचत हुई। आईटीबीपी का मानना है कि इस तरह की पहल न केवल ग्रामीणों की आजीविका को मजबूत करेगी, बल्कि सुरक्षा बलों और स्थानीय समुदाय के बीच विश्वास एवं सहयोग को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।