ग्रीन आर्मी का 13 सप्ताह से महाअभियान जारी, गदही तालाब बचाने बढ़ रही जनभागीदारी

रायपुर में ग्रीन आर्मी द्वारा गदही तालाब संरक्षण और सफाई के लिए 13 सप्ताह से लगातार महाअभियान चलाया जा रहा है। अभियान में बड़ी संख्या में लोग श्रमदान कर रहे हैं और तालाब संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने की कोशिश की जा रही है।

May 17, 2026 - 17:46
May 17, 2026 - 17:47
 0  7
ग्रीन आर्मी का 13 सप्ताह से महाअभियान जारी, गदही तालाब बचाने बढ़ रही जनभागीदारी

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर में ग्रीन आर्मी रायपुरा जोन द्वारा गदही तालाब संरक्षण और स्वच्छता को लेकर चलाया जा रहा महाअभियान लगातार जनसमर्थन हासिल कर रहा है। विगत 13 सप्ताह से लगातार चल रहे इस अभियान में अब बड़ी संख्या में लोग जुड़ रहे हैं और यह मुहिम धीरे-धीरे जनआंदोलन का रूप लेती दिखाई दे रही है।

ग्रीन आर्मी के इस अभियान का उद्देश्य गदही तालाब को स्वच्छ, सुरक्षित और संरक्षित बनाना है। हाल ही में आयोजित सफाई और श्रमदान अभियान में करीब 70 लोगों ने हिस्सा लेकर तालाब संरक्षण का संदेश दिया। अभियान में युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

अभियान के दौरान तालाब परिसर में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। इनमें गार्डन की सफाई, पचरी और पाथवे की सफाई, पाउच, पन्नी और पॉलीथिन हटाना, हनुमान मंदिर परिसर और आसपास की झाड़ियों की सफाई, कंटीली झाड़ियों को हटाना, तालाब में गिरे पेड़ों को निकालना और स्ट्रीट लाइट चालू करवाने जैसे कार्य शामिल हैं। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए खंभे भी लगाए गए हैं।

सफाई अभियान के दौरान तालाब क्षेत्र से बड़ी मात्रा में कचरा और हानिकारक सामग्री निकाली गई। इनमें गद्दा, तकिया, साड़ी, पूजन सामग्री, दवाई की स्ट्रिप, इंजेक्शन सामग्री, मेडिकल कचरा, कांच, कील, डिस्पोजल और थर्माकोल जैसी वस्तुएं शामिल हैं। ग्रीन आर्मी के सदस्यों का कहना है कि यह स्थिति इस बात का संकेत है कि यदि समाज जलस्रोतों के प्रति जागरूक नहीं रहेगा तो प्राकृतिक संसाधन धीरे-धीरे प्रदूषण और अव्यवस्था की चपेट में आ जाएंगे।

ग्रीन आर्मी द्वारा केवल सफाई अभियान ही नहीं चलाया जा रहा, बल्कि लोगों को जागरूक करने के लिए डोर टू डोर जनसंपर्क भी किया जा रहा है। संस्था के सदस्य पम्पलेट वितरण कर लोगों से तालाब संरक्षण और स्वच्छता अभियान में जुड़ने की अपील कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वर्षों बाद तालाब परिसर में ऐसा सकारात्मक बदलाव और सामाजिक एकजुटता देखने को मिल रही है।

इस अभियान में संस्था के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष अमिताभ दुबे, स्थानीय पार्षद महेंद्र औसर सहित डीडीयू नगर, पुरानी बस्ती, टाटीबंध, ब्राह्मणपारा और अमलेश्वर जोन के सदस्य भी शामिल हुए। रायपुरा जोन अध्यक्ष सुबोध कांत निषाद और सचिव मेघराज हरिनखेड़े के नेतृत्व में पूरी टीम लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।

ग्रीन आर्मी का कहना है कि प्रत्येक सप्ताह नए लोग इस मुहिम से जुड़ रहे हैं, जिससे संगठन की ताकत लगातार बढ़ रही है। स्मार्ट सिटी और नगर निगम का सहयोग भी अभियान को मिल रहा है। सफाई अभियान में नगर निगम द्वारा कर्मचारियों को भी भेजा जा रहा है।

संस्था ने आम नागरिकों से अपील की है कि तालाब संरक्षण को केवल एक संगठन की जिम्मेदारी न मानें, बल्कि इसे सामाजिक दायित्व समझकर आगे आएं। संस्था का कहना है कि यदि आज जलस्रोतों को बचाने के लिए सामूहिक प्रयास नहीं किए गए तो आने वाले समय में जल संकट और पर्यावरणीय समस्याएं गंभीर रूप ले सकती हैं।