8 साल पुराने अंधे कत्ल का सनसनीखेज खुलासा, कबीरधाम पुलिस ने आरोपी को दबोचा

कबीरधाम जिले में वर्ष 2017 के 8 साल पुराने अंधे कत्ल का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। सूक्ष्म विवेचना, मुखबिर तंत्र और सघन पूछताछ के बाद आरोपी की गिरफ्तारी हुई। पिछले एक वर्ष में कबीरधाम पुलिस 14 ब्लाइंड मर्डर मामलों का खुलासा कर चुकी है।

Dec 16, 2025 - 13:10
 0  21
8 साल पुराने अंधे कत्ल का सनसनीखेज खुलासा, कबीरधाम पुलिस ने आरोपी को दबोचा

 UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम (छत्तीसगढ़)।  कबीरधाम पुलिस ने वर्ष 2017 के एक 8 साल पुराने अंधे कत्ल का सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह (भापुसे) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र कुमार बघेल एवं  पंकज पटेल के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पंडरिया श्री भूपत सिंह के सतत पर्यवेक्षण में की गई।

उल्लेखनीय है कि 17 मई 2017 को थाना कुकदूर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमनिया निवासी 14 वर्षीय बालिका राजबाई गोड का शव कोलिहामाड़ा नाला के पास भेलवा पेड़ में उसकी चुनरी से फांसी पर लटका हुआ मिला था। प्रारंभिक जांच में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा गला दबाने से दम घुटने की पुष्टि होने पर यह स्पष्ट हुआ कि मामला आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का है। इसके आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया गया, किंतु लंबे समय तक मामला अंधा कत्ल बना रहा।

वर्ष 2025 में कबीरधाम पुलिस द्वारा पुराने अनसुलझे मामलों की पुनः समीक्षा के दौरान इस प्रकरण को प्राथमिकता पर लेते हुए दोबारा जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान संदेहियों पर निगरानी रखी गई, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और संबंधित व्यक्तियों से कड़ाई से पूछताछ की गई। इसी दौरान साक्षी लक्ष्मण टेकाम द्वारा महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई, जिसे भयवश वह पहले उजागर नहीं कर सका था। साक्षी का कथन न्यायालय में धारा 164 के तहत दर्ज कराया गया, जिससे मामले को निर्णायक दिशा मिली।

साक्ष्यों के आधार पर आरोपी रमला उर्फ राम धुर्वे से पूछताछ में खुलासा हुआ कि दयाल उर्फ दयालाल बैगा ने बालिका की गला दबाकर हत्या की थी और बाद में शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप दिया गया। इसके बाद आरोपी दयाल उर्फ दयालाल बैगा को गिरफ्तार कर लिया गया।

गौरतलब है कि कबीरधाम पुलिस ने बीते एक वर्ष में जिले के 14 पुराने ब्लाइंड मर्डर मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा किया है, जिनमें चर्चित डॉक्टर दंपत्ति डबल मर्डर केस सहित अन्य गंभीर प्रकरण शामिल हैं। थाना कुकदूर पुलिस टीम ने निरीक्षक संग्राम सिंह धुर्वे के नेतृत्व में सतत मेहनत और सटीक विवेचना से इस मामले को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई।

कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध चाहे कितना भी पुराना क्यों न हो, अपराधी कानून से नहीं बच सकते और ऐसे सभी मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।