फरसगांव में सेवा सेतु शिविर आयोजित, 32 आवेदन प्राप्त; 10 हितग्राहियों को आवास की स्वीकृति
नगर पंचायत फरसगांव में सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर स्तरीय सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में नागरिकों से संबंधित 32 आवेदन प्राप्त हुए। दो हितग्राहियों को पोषण किट वितरित की गई, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत 10 हितग्राहियों को भुवन अनुज्ञा और आवास निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, कोण्डागांव l फरसगांव। नगर पंचायत फरसगांव के सामुदायिक भवन में बुधवार 7 अक्टूबर को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य नगरवासियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं और मांगों का निराकरण करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष प्रशांत पात्र, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रवीर सिंह बड़ेशा, एसडीएम अश्वन पूसाम, तहसीलदार अंकुर रात्रे और मुख्य नगरपालिका अधिकारी मयंक बसंतवानी सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर तथा छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अतिथियों और जनप्रतिनिधियों ने निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से विभागीय योजनाओं और शिविर के माध्यम से नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान नगरवासियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित कुल 32 आवेदन प्रस्तुत किए। संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्राप्त आवेदनों की प्रक्रिया पूरी करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की।
शिविर के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से बच्चों का अन्नप्राशन और गोदभराई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर दो हितग्राहियों को पोषण किट वितरित की गई। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पोषण, बाल विकास और महिला एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के अंतर्गत शिविर में 10 हितग्राहियों को भुवन अनुज्ञा प्रदान की गई। इसके साथ ही नवीन आवास निर्माण शुरू करने के लिए उन्हें स्वीकृति प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। आवास की स्वीकृति मिलने से पात्र हितग्राहियों को अपने पक्के मकान के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिला।
राजस्व विभाग द्वारा शिविर में किसानों को किसान किताब और खसरा विवरण का वितरण किया गया। इसके अलावा नगरीय प्रशासन, राजस्व, पुलिस, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की जानकारी दी।
कार्यक्रम में पार्षद संगीता प्रवीण राव, शैल सेठिया, नरेंद्र गौर, छबिला नेताम, मन्नूलाल हिड़को, भागेश्वर नेताम, सुकालु मरकाम, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गणेश दुग्गा, पूर्व उपाध्यक्ष गणेश जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सहायक नोडल ज्ञानेंद्र कुर्रे, विभा राजपूत, योगेंद्र वर्मा तथा नगर पंचायत फरसगांव के कर्मचारियों ने शिविर के आयोजन और व्यवस्थाओं में सहयोग किया।