बसना-गढ़फुलझर में गुरुद्वारा साहिब निर्माण का भूमि पूजन 15 मार्च को, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे शामिल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को महासमुंद जिले के बसना-गढ़फुलझर में आयोजित होला मोहल्ला उत्सव और गुरुद्वारा साहिब निर्माण के भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। सिख समाज के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर कार्यक्रम की जानकारी दी।

Mar 13, 2026 - 12:10
 0  9
बसना-गढ़फुलझर में गुरुद्वारा साहिब निर्माण का भूमि पूजन 15 मार्च को, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे शामिल

UNITED NEWS OF ASIA अमृतेश्वर सिंह । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आगामी 15 मार्च 2026 को महासमुंद जिले के बसना-गढ़फुलझर क्षेत्र में आयोजित होने वाले होला मोहल्ला उत्सव और ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब निर्माण के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस संबंध में सिख समाज के प्रतिनिधि मंडल ने विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में मुख्यमंत्री से सौजन्य भेंट कर उन्हें कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया।

यह प्रतिनिधि मंडल छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मिला। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि बसना-गढ़फुलझर क्षेत्र की यह भूमि अत्यंत पवित्र और ऐतिहासिक महत्व रखती है।

प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि यह वही पावन धरा है जहाँ सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के चरण पड़े थे। इस स्थल से सिख गुरु परंपरा की कई ऐतिहासिक और आध्यात्मिक स्मृतियाँ जुड़ी हुई हैं, जिसके कारण यह स्थान पूरे प्रदेश के लिए श्रद्धा और गौरव का विषय माना जाता है।

सिख समाज द्वारा यहां गुरुद्वारा साहिब के निर्माण का निर्णय लिया गया है और इसी के तहत 15 मार्च को भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के साथ ही होला मोहल्ला उत्सव भी मनाया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग और श्रद्धालु शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस महत्वपूर्ण धार्मिक और ऐतिहासिक आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएँ दीं और कार्यक्रम की सफलता के लिए मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करते हैं।

इस अवसर पर राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा के साथ गगन हंसपाल, जस्सी खनूजा, शैबी बग्गा, गुरविंदर सिंह, सन्नी सिंह, धरम सिंह, चरणजीत गरचा, जसमीत सिंह और सरबजीत सिंह खनूजा सहित सिख समाज के कई गणमान्य सदस्य एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।