महादेव घाट रायपुर में सोमवार को डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे छठ व्रती, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की होगी भव्य प्रस्तुति

चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन सोमवार को रायपुर के महादेव घाट में व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। घाट पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें अंतर्राष्ट्रीय लोकगायिका स्वाती मिश्रा सहित छत्तीसगढ़ी कलाकार प्रस्तुति देंगे।

Oct 27, 2025 - 11:21
 0  16
महादेव घाट रायपुर में सोमवार को डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे छठ व्रती, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की होगी भव्य प्रस्तुति

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन सोमवार को राजधानी रायपुर के खारुन नदी तट स्थित महादेव घाट पर श्रद्धालु व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। रविवार को खरना अनुष्ठान के साथ व्रत का दूसरा चरण संपन्न हुआ, जिसके बाद सोमवार को संध्या अर्घ्य और मंगलवार, 28 अक्टूबर को उषा अर्घ्य के साथ पर्व का समापन होगा।

छठ महापर्व आयोजन समिति महादेव घाट, रायपुर के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि इस वर्ष छठ पूजा 25 से 28 अक्टूबर तक देश और विदेश में परंपरागत आस्था के साथ मनाई जा रही है। रायपुर के महादेव घाट पर हजारों श्रद्धालु जुटेंगे और सूर्यदेव को नमन करेंगे।

महादेव घाट पर सोमवार की शाम विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमें अंतर्राष्ट्रीय लोक गायिका स्वाती मिश्रा (मुंबई) छठ गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देंगी। साथ ही लोकधारा के प्रसिद्ध कलाकार तिलक राजा साहू और केशरी साहू छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। प्रयागराज की सोनाली एवं तरुण चोपड़ा टीम नृत्य-नाटिका प्रस्तुत करेगी। ये सभी कार्यक्रम शाम 4 बजे से प्रारंभ होंगे और इसके बाद घाट पर महाआरती का आयोजन किया जाएगा।

राजेश सिंह ने बताया कि नगर निगम रायपुर एवं समिति सदस्यों के सहयोग से घाटों की सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। खारुन नदी के आसपास का क्षेत्र सजाया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

रायपुर में इस वर्ष 50 से अधिक घाटों और तालाबों पर छठ पूजा का आयोजन होगा, जिनमें प्रमुख रूप से महादेव घाट, व्यास तालाब और नवा रायपुर का झांझ तालाब शामिल हैं।

इस अवसर पर आयोजन प्रमुख राजेश कुमार सिंह, उप प्रमुख कन्हैया सिंह, प्रचार-प्रसार सचिव ब्रजेश सिंह, सह सचिव राकेश सिंह, कोषाध्यक्ष सुनील सिंह सहित अनेक समिति सदस्य – रवींद्र सिंह, मुक्तिनाथ पांडे, शशि सिंह, परमानंद सिंह, सत्येन्द्र सिंह गौतम, अजय शर्मा, रामविलास सिंह आदि ने सफाई और तैयारी कार्य में योगदान दिया।

भव्य छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में उल्लास का वातावरण है, वहीं प्रशासन और समिति मिलकर इस पारंपरिक आस्था पर्व को सुरक्षित, स्वच्छ और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न कराने में जुटे हैं।