प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भिलाई में विशेष पूजन, हवन और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा जिला भिलाई द्वारा विशेष पूजन, हवन, प्रसाद वितरण और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाराणा प्रताप भवन और ग्राम नारधा स्थित रुक्खडनाथ धाम में हुए कार्यक्रमों में सांसद विजय बघेल सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

Jun 10, 2026 - 15:30
 0  7
प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भिलाई में विशेष पूजन, हवन और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

UNITED NEWS OF ASIA. रोहितास सिंह भुवाल, दुर्ग l प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा जिला भिलाई द्वारा विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाराणा प्रताप भवन, भिलाई और अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नारधा स्थित रुक्खडनाथ धाम में विशेष पूजन, हवन, प्रसाद वितरण और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, भाजपा जिला प्रभारी रामजी भारती, भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, कार्यक्रम संयोजक वीरेन्द्र साहू, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, सहसंयोजक दया सिंह और सीरीश अग्रवाल सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

महाराणा प्रताप भवन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान हनुमान, भगवान शिव, प्रभु श्रीराम-जानकी, माता पार्वती, भगवान गणेश और मां जगदंबा की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति, विकास और जनकल्याण की कामना करते हुए सामूहिक प्रार्थना की। इसके बाद श्रद्धालुओं और नागरिकों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत आम के पौधों का रोपण भी किया गया। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता, राष्ट्रीय सुरक्षा, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व मंच पर अपनी एक मजबूत पहचान बनाई है और देश निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नारधा स्थित रुक्खडनाथ धाम पहुंचे। यहां पश्चिममुखी हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई तथा बाबा रुक्खडनाथ मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष हवन संपन्न कराया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए विशेष प्रार्थना की गई।

कार्यक्रम में सरस्वती बंजारे, ईश्वर सिंह ठाकुर, रविशंकर सिंह, नटवर लाल ताम्रकार, सतीश साहू, प्रेमलाल साहू, योगेंद्र सिंह, चन्ना केश्वलु, विनोद सिंह और विपिन शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। भाजपा नेताओं ने कहा कि जनकल्याण और विकास की दिशा में केंद्र सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संगठन निरंतर कार्य करता रहेगा।