भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर कोंडागांव में जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन

कोंडागांव में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस पर एनसीसी मैदान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने बिरसा मुंडा और शहीद वीर नारायण सिंह के योगदान को याद करते हुए आदिवासी संस्कृति संरक्षण पर जोर दिया। विभिन्न जनजातीय लोकनृत्य दलों और विद्यालयों द्वारा प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।

Nov 15, 2025 - 18:05
 0  11
भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर कोंडागांव में जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन

 UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार  भारद्वाज,  कोंडागांव | जिला प्रशासन एवं आदिवासी विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर आज स्थानीय एनसीसी मैदान में जनजातीय गौरव दिवस एवं शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति लोक कला महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेण्डी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं।

मुख्य अतिथि  उसेण्डी ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष, उनके त्याग और आदिवासी समाज के गौरव को सुरक्षित रखने में उनकी ऐतिहासिक भूमिका को याद किया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा केवल महान स्वतंत्रता सेनानी नहीं, बल्कि आदिवासी अस्मिता और स्वाभिमान के अद्वितीय प्रतीक हैं। उनके विचार और आदर्श आज भी युवाओं को प्रेरित करते हैं।

उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह के बलिदान का स्मरण करते हुए नमन किया और कहा कि अपनी संस्कृति, परंपराओं और पहचान को सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।  उसेण्डी ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में पहली बार जनजातीय कार्य मंत्रालय की स्थापना ने आदिवासी विकास को नई दिशा दी। आज केंद्र और राज्य सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सांस्कृतिक संरक्षण हेतु कई योजनाएँ संचालित की जा रही हैं।

धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत जनजातीय ग्रामों के सर्वांगीण विकास के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक सेवक राम नेताम, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल सहित अन्य अतिथियों ने भी संबोधित करते हुए जनजातीय गौरव दिवस को संस्कृति और सामुदायिक एकता को सुदृढ़ करने का अवसर बताया।

कार्यक्रम में जनजातीय लोकनृत्य दलों द्वारा पारंपरिक कला एवं संस्कृति की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्रों ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।

इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेण्डी, जिला पंचायत सदस्य नंदलाल राठौर, दीपेश अरोरा, मनोज जैन, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त कृपेन्द्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में जनजातीय समुदाय और स्कूली छात्र–छात्राएँ उपस्थित रहे।